MP Latest Hindi News: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
दसवीं की परीक्षा देने पहुंची छात्रा बनी मां! परीक्षा के दौरान हुआ प्रसव, जच्चा-बच्चा स्वस्थ
मध्यप्रदेश के धार जिले से चौंकाने वाला मामला सामने आया है. दसवीं की परीक्षा देने पहुंची एक नाबालिग छात्रा ने अचानक प्रसव पीड़ा के बाद बच्चे को जन्म दे दिया. छात्रा गणित का पेपर देने निजी स्कूल परीक्षा केंद्र पहुंची थी, तभी उसकी तबीयत बिगड़ गई. तुरंत उसे स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसने बच्चे को जन्म दिया. फिलहाल जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि पिछले दो साल से एक युवक के साथ उसके संबंध थे. मामले की जांच पीथमपुर सेक्टर 1 पुलिस कर रही है.
राजधानी के 18 तालाबों पर बड़ा एक्शन! अतिक्रमण हटाने पहली बार बनी 19 अफसरों की टास्कफोर्स
राजधानी भोपाल में तालाबों पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्टिव हो गया है. पहली बार 19 सदस्यों की टास्कफोर्स बनाई गई है, जो 18 तालाबों से अतिक्रमण हटाने का काम करेगी. टीम में 17 प्रशासनिक अधिकारी और 2 पर्यावरणविद शामिल हैं. इसमें 2 अपर आयुक्त, 1 ज्वाइंट कलेक्टर, 2 डिप्टी कलेक्टर, 4 एसडीएम और एडिशनल डीसीपी शालिनी दीक्षित भी शामिल हैं. हर 15 दिन में समीक्षा होगी. अकेले बड़े तालाब के आसपास 225 अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं.
सीएम डॉ. मोहन यादव का आज का शेड्यूल, जानें कहां-कहां रहेंगे मौजूद
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह 11 बजे विधानसभा पहुंचेंगे. वहां वे सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे और महत्वपूर्ण विषयों पर मौजूद रहेंगे. इसके बाद दोपहर 1:30 बजे वे कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे, जहां आजीविका विपणन क्षमता वर्धन कार्यशाला कार्यक्रम में शामिल होंगे और संबोधित करेंगे. कार्यक्रम के बाद दोपहर 2:30 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे.
राजधानी के 20 इलाकों में आज 3 से 7 घंटे बिजली गुल, देखें आपका क्षेत्र तो शामिल नहीं?
राजधानी भोपाल में मेंटेनेंस कार्य के चलते आज करीब 20 इलाकों में 3 से 7 घंटे तक बिजली कटौती रहेगी. सुबह 10 से शाम 4 बजे तक आशाराम चौराहा, गांधी नगर मार्केट, अर्जुन वार्ड, प्रताप वार्ड और धाकड़ चौराह क्षेत्र प्रभावित रहेंगे. सुबह 10 से शाम 5 बजे तक एमएलए रेस्ट हाउस, वल्लभभवन, 74 बंगला और न्यू मार्केट में बिजली बंद रहेगी. सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक दशहरा मैदान समेत कई कॉलोनियों में कटौती होगी. वहीं दोपहर 1 से 4 बजे तक पीपलनेर और हाईटेक सिटी में सप्लाई बाधित रहेगी.