शिवपुरी जिले के खनियांधाना थाना क्षेत्र में खनियांधाना-पिछोर मुख्य मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएम राइज स्कूल और बुधना नदी के बीच हुई यह भिड़ंत इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उन पर सवार लोग सड़क पर दूर जा गिरे। राहगीरों और डायल 112 एफआरबी 18 व 19 के चालक कंचन चौबे, नारायण सिंह यादव तथा आरक्षक जयवीर गुर्जर और आशीष राजपूत की मदद से घायलों को तत्काल खनियांधाना स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 14 वर्षीय अंशुल प्रजापति पुत्र रामनिवास प्रजापति निवासी पोठयाई ने खनियांधाना अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दूसरी बाइक पर सवार गोपाल पाल (27) निवासी पगरोदा और हरनाम पाल (45) निवासी पगरोदा गंभीर रूप से घायल हो गए। खनियांधाना स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। गोपाल और हरनाम की नाजुक स्थिति को देखते हुए, बेहतर इलाज के लिए उन्हें तत्काल जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, मृतक अंशुल प्रजापति अपने पिता को खेत पर खाना देकर वापस लौट रहा था और उसी दौरान उसकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। खनियांधाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source link