पूर्व सीएम बोले- अमेरिकी किसानों पर निर्भर होंगे अन्नदाता: भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सरकार को घेरा; अविमुक्तेश्वरानंद विवाद को राजनीतिक बताया – Balaghat (Madhya Pradesh) News

पूर्व सीएम बोले- अमेरिकी किसानों पर निर्भर होंगे अन्नदाता:  भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सरकार को घेरा; अविमुक्तेश्वरानंद विवाद को राजनीतिक बताया – Balaghat (Madhya Pradesh) News




पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह गुरुवार को दो दिवसीय प्रवास पर बालाघाट पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद किया और विभिन्न राष्ट्रीय व प्रदेश स्तरीय मुद्दों पर मीडिया से चर्चा की। सिंह ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील से लेकर प्रदेश की आर्थिक स्थिति और शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े विवादों पर सरकार को आड़े हाथों लिया। भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर जताई चिंता दिग्विजय सिंह ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर गंभीर आशंका जताते हुए कहा कि इस समझौते से भारतीय किसानों का हक मारा गया है। उन्होंने कहा कि अब हमारे किसान अमेरिकी किसानों पर निर्भर हो जाएंगे। सिंह के अनुसार, किसानों की खेती की लागत तो बढ़ गई है लेकिन उपज के दाम नहीं बढ़े। साथ ही, उन्होंने मजदूरों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि न्यूनतम मजदूरी लागू न होने से मजदूरों को आज भी 12 साल पुरानी दर पर ही काम करना पड़ रहा है। कॉर्पोरेट जगत को लाभ और बढ़ती आर्थिक असमानता भाजपा सरकार पर कॉर्पोरेट घरानों का पक्ष लेने का आरोप लगाते हुए सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में छोटे व्यापारियों या किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ, जबकि बड़े कॉर्पोरेट घरानों का 16 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ कर दिया गया। उन्होंने आंकड़ा देते हुए बताया कि देश की 40 प्रतिशत संपत्ति केवल 200 लोगों के पास सिमट गई है, जो भविष्य में बड़े सामाजिक और आर्थिक तनाव का कारण बनेगी। कर्ज के बोझ तले मध्य प्रदेश प्रदेश की वित्तीय स्थिति पर सवाल उठाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 2003 में जब उन्होंने सरकार छोड़ी थी, तब प्रदेश पर 23 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था, जो आज बढ़कर 5 लाख करोड़ रुपए हो गया है। उन्होंने इसे कर्ज के मापदंडों का खुला उल्लंघन बताया और कहा कि सरकार के पास अब बुनियादी इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए भी पैसा नहीं बचा है। शंकराचार्य विवाद को बताया राजनीतिक साजिश शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज पर दर्ज मामले को सिंह ने पूरी तरह राजनीतिक करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराज पर झूठा प्रकरण दर्ज किया गया है। उन्होंने सरकार की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर शंकराचार्य पर कार्रवाई हो रही है, वहीं दूसरी ओर प्रतापगढ़ की युवती की शिकायत के बावजूद उत्तम स्वामी महाराज पर अब तक कोई मामला दर्ज क्यों नहीं किया गया।



Source link