बिना फीस सरकारी नौकरी की तैयारी, सतना में सिर्फ युवतियों के लिए फ्री क्लास, अफसर पढ़ाएंगे

बिना फीस सरकारी नौकरी की तैयारी, सतना में सिर्फ युवतियों के लिए फ्री क्लास, अफसर पढ़ाएंगे


Last Updated:

Satna Free Coaching: सतना में युवतियों के लिए एक बड़ा अवसर सामने आया है, जहां प्रशासन की पहल पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पूरी तरह निःशुल्क कराई जा रही है. सीमित सीटों वाले इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में चयन प्रक्रिया के बाद प्रतिभागियों को विशेषज्ञ मार्गदर्शन, नियमित क्लासेस और अनुशासित अभ्यास के माध्यम से सरकारी सेवाओं के लिए तैयार किया जाएगा.

Satna News: एमपी के सतना जिले में बेटियों के सपनों को साकार करने की दिशा में एक और अहम कदम उठाया गया है. जहां एक ओर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए महंगी कोचिंग संस्थाएं कई परिवारों की पहुंच से बाहर हैं, वहीं दूसरी ओर प्रशासन की पहल से युवतियों को निःशुल्क मार्गदर्शन और प्रशिक्षण का अवसर मिल रहा है. पुलिस भर्ती और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 8 मार्च से एक नया निःशुल्क कोचिंग बैच शुरू किया जा रहा है, जो विगत कई वर्षों से महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत कदम है. इस अभियान का उद्देश्य बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सरकारी सेवाओं में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है.

बेटियों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान
सहायक महिला बाल विकास अधिकारी श्याम किशोर द्विवेदी ने लोकल 18 को बताया कि यह कोचिंग ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजनांतर्गत सशक्त वाहिनी अभियान के तहत संचालित की जा रही है. 18 से 33 वर्ष आयु वर्ग की इच्छुक युवतियां इस प्रशिक्षण में शामिल हो सकती हैं. तीन माह तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए पंजीयन प्रक्रिया 26 फरवरी से 5 मार्च तक चलेगी. इच्छुक प्रतिभागी सुबह 10:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक धवारी स्थित जिला बाल संरक्षण इकाई कार्यालय में जाकर अपना पंजीयन करा सकती हैं. 6 मार्च को एक स्क्रूटनी टेस्ट आयोजित किया जाएगा जिसमें चयनित 100 बालिकाओं को इस बैच में शामिल किया जाएगा.

इस बार 14वां बैच 
यह इस अभियान का 14वां बैच होगा. इससे पहले 13 बैच सफलतापूर्वक संचालित किए जा चुके हैं. जिले में इस पहल की शुरुआत अक्टूबर 2017 में हुई थी और तब से लगातार यह अभियान बेटियों को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए तैयार कर रहा है. प्रशिक्षण के दौरान प्रतिदिन दो शैक्षणिक कक्षाएं संचालित की जाती हैं जिनमें लिखित परीक्षा की गहन तैयारी कराई जाती है, साथ ही एक घंटे की शारीरिक प्रशिक्षण कक्षा भी लगाई जाती है जिससे पुलिस भर्ती की फिजिकल परीक्षा के लिए प्रतिभागियों को तैयार किया जा सके.

कई बेटियों ने पाई सफलता 
अब तक इस कोचिंग के माध्यम से 16 बालिकाएं विभिन्न सेवाओं में चयनित हो चुकी हैं जिनमें दिल्ली पुलिस, मध्य प्रदेश पुलिस और भारतीय रेलवे जैसी सेवाएं शामिल हैं. यहां पढ़ाने के लिए अनुभवी और प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों के शिक्षक आमंत्रित किए जाते हैं. विशेष बात यह है कि जिले में पदस्थ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी समय समय पर यहां पहुंचकर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करते हैं और उनकी स्पेशल क्लासेज भी लेते हैं. इस पहल को कलेक्टर का विशेष संरक्षण प्राप्त है और उनके मार्गदर्शन में ही कक्षाओं का संचालन किया जाता है.

8 मार्च से बैच
यह निःशुल्क कोचिंग न केवल परीक्षा की तैयारी का माध्यम है, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का भी प्रशिक्षण देती है. ऐसे में 8 मार्च से शुरू होने वाला यह नया बैच उन युवतियों के लिए सुनहरा अवसर है जो वर्दी पहनकर समाज और देश की सेवा करने का सपना देख रही हैं.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें



Source link