होबार्ट. मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन भारत को पहले मैच में बुरी हार मिली थी. अगर भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में बने रहना है तो शुक्रवार को होने वाले दूसरे महिला वनडे में टीम को बेहतर बल्लेबाजी करनी होगी. टी20 सीरीज 2-1 से जीतने के बाद भारत वनडे में अच्छी शुरुआत नहीं कर पाया और ब्रिस्बेन में पहले मैच में छह विकेट से हार गया. भारतीय महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कभी भी द्विपक्षीय वनडे सीरीज नहीं जीती है. इस फॉर्मेट में दोनों टीमों के बीच अब तक 11 सीरीज हुई हैं और सभी में ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज की है. मैच सुबह 9.20 बजे शुरू होगा.
इनमें 2024 में 3-0 और सितंबर 2025 में 2-1 की जीत भी शामिल है. लेकिन भारत 2025 में महिला वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया पर मिली पांच विकेट की जीत से प्रेरणा लेना चाहेगा. मौजूदा सीरीज के पहले मैच में भारतीय बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी के सामने टिक नहीं पाए और पूरी टीम 214 रन पर आउट हो गई. उप-कप्तान स्मृति मंधाना (58), कप्तान हरमनप्रीत कौर (53) और कासवी गौतम (43) को छोड़कर कोई भी बड़ी पारी नहीं खेल सका.
भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा वनडे मैच शुक्रवार को ब्रिस्बेन में खेला जाएगा.
बाकी बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया की कसी हुई गेंदबाजी के सामने संघर्ष करते दिखे. प्रतिका रावल ओपनिंग करते हुए खाता भी नहीं खोल पाईं. शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा भी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरीं. भारत को इन चारों से अगले मैच में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी. विकेटकीपर ऋचा घोष भी सिर्फ 23 रन ही बना सकीं, टीम को उनसे भी बेहतर खेल की जरूरत है. गेंदबाजी में बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने 41 रन देकर दो विकेट लिए, लेकिन उन्हें बीच के ओवरों में दीप्ति शर्मा और कासवी से मदद चाहिए. शुरुआती ओवरों में विरोधी टीम को झटका देने की जिम्मेदारी तेज गेंदबाज रेणुका सिंह और क्रांति गौड़ पर होगी, जो पहले मैच में सफल नहीं रहीं.
टीम मैनेजमेंट ऑलराउंडर अमनजोत कौर और स्नेह राणा को भी टीम में शामिल करने पर विचार कर सकता है. सीनियर ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को उम्मीद है कि टीम दूसरे वनडे में वापसी करेगी और सीरीज बराबर करेगी. उन्होंने कहा, ‘हमने एक टीम के तौर पर अच्छा खेला लेकिन नतीजा हमारे पक्ष में नहीं गया. हम अगले मैच में मजबूत वापसी करेंगे. हम ज्यादा सोच नहीं रहे और अपने मजबूत पक्षों पर ध्यान दे रहे हैं.’ दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया की नजर दूसरे मैच में ही सीरीज जीतने और कप्तान एलिसा हीली को शानदार विदाई देने पर होगी. हीली अपनी आखिरी इंटरनेशनल सीरीज खेल रही हैं और पिछले मैच में अर्धशतक लगाया था. हीली और फोबे लिचफील्ड ने पहले विकेट के लिए अच्छी साझेदारी की और वे इसी लय को बरकरार रखना चाहेंगी. ऑस्ट्रेलिया के लिए लक्ष्य का पीछा करना आसान रहा.
बेथ मूनी (76) और एनाबेल सदरलैंड (48 नाबाद) ने चौथे विकेट के लिए 85 रन जोड़कर टीम को जीत दिलाई. ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी भी शानदार रही, जिसमें मेगन शट, एशले गार्डनर, अलाना किंग, ताहिला मैकग्रा और सोफी मोलिनक्स ने किफायती गेंदबाजी के साथ विकेट भी लिए. दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज के बाद पर्थ में एक दिन का डे-नाइट टेस्ट मैच भी खेला जाएगा. तीनों फॉर्मेट के प्रदर्शन को मिलाकर सीरीज की ट्रॉफी का फैसला अंकों के आधार पर होगा, जिसमें हर टी20 और 50 ओवर की जीत के लिए दो अंक और टेस्ट में जीत के लिए चार अंक मिलेंगे.
टीमें इस प्रकार हैं:
भारत:
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, रेणुका ठाकुर, श्री चरणी, वैष्णवी शर्मा, क्रांति गौड़, स्नेह राणा, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), उमा छेत्री (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, काशवी गौतम, हरलीन देयोल, प्रतिका रावल.
ऑस्ट्रेलिया: एलिसा हीली (कप्तान), सोफी मोलिनी (उप-कप्तान), डार्सी ब्राउन, निकोला कैरी, एशले गार्डनर, किम गार्थ, अलाना किंग, फोबे लिट्चफील्ड, बेथ मूनी, ताहलिया मैकग्रा, एलिस पेरी, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहैम.