सिंगरौली जिले के कूंदवार चौकी क्षेत्र में गुरुवार को एक अजीबोगरीब घटना सामने आई, जब एक महिला ने बाजार में अपने ही पति पर बच्चा चोरी का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। महिला के शोर मचाने के बाद स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने कथित बच्चा चोर को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। ये था पूरा मामला पति-पत्नी अपनी छोटी बच्ची के साथ बाजार जा रहे थे। इसी दौरान बच्ची रोने लगी। बच्ची की मां बेला कली ने पति राजेश्वर से बच्ची को गोद में लेने को कहा, लेकिन पति द्वारा मना करने पर वह नाराज हो गई। गुस्से में आकर महिला ने अचानक पति पर बच्चा चोरी का आरोप लगाना शुरू कर दिया। महिला के चिल्लाने पर आसपास मौजूद लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने बच्ची को पति से अलग कर दिया। इसके बाद घटना की सूचना कूंदवार चौकी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। ससुर ने मौके पर पहुंचकर की पुष्टि जांच के दौरान, आरोपी बताए जा रहे राजेश्वर ने अपने ससुर को मौके पर बुलाया। ससुर ने पुलिस और ग्रामीणों के सामने स्पष्ट किया कि जिस व्यक्ति पर बच्चा चोरी का आरोप लगाया जा रहा है, वह उनका दामाद है और बच्ची उसी की है। उन्होंने यह भी बताया कि शोर मचाने वाली महिला उनकी बेटी और राजेश्वर की पत्नी है। दोनों को समझाकर मामला शांत कराया कूंदवार चौकी प्रभारी राम जी त्रिपाठी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें एक बच्चा चोर द्वारा बच्ची को लेकर भागने की सूचना मिली थी। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर पूरे मामले की सच्चाई सामने आई। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
Source link