सीहोर के टांडा से मेंडोरा मार्ग का निर्माण तीन साल बाद भी शुरू नहीं हो पाया है, जबकि इसका भूमिपूजन विधानसभा चुनाव के दौरान बड़े दावे और उत्साह के साथ किया गया था। अब इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन और सत्ताधारी दल पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि चुनाव के समय फीते काटे गए, तस्वीरें खिंचवाई गईं और जनता को जल्द सड़क बनने का भरोसा दिया गया। लेकिन आज भी मौके पर सिर्फ भूमिपूजन का पत्थर खड़ा है, सड़क का काम शुरू तक नहीं हुआ। कांग्रेस बोली- चुनावी दिखावा किया
जिलाअध्यक्ष ने सवाल उठाया कि क्या यह भूमिपूजन सिर्फ चुनावी दिखावा था? सड़क न बनने से टांडा और मेंडोरा के ग्रामीणों को रोजाना कीचड़, धूल और गड्ढों से जूझना पड़ रहा है। जगह-जगह गहरे गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं। बरसात में हालात और खराब हो जाते हैं। कीचड़ के कारण बीमारों को अस्पताल तक ले जाना मुश्किल हो जाता है। वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धूल के गुबार से दृश्यता कम हो जाती है और बाइक सवार अक्सर फिसलकर घायल हो रहे हैं। ठेकेदार और विभाग पर मिलीभगत का आरोप
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने ठेकेदार और संबंधित विभाग की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि लापरवाह ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाए और सड़क निर्माण का काम तुरंत युद्ध स्तर पर शुरू कराया जाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो ग्रामीणों के समर्थन में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
Source link