उज्जैन के गरोठ हाईवे पर गुरुवार रात एक सड़क हादसे में ग्राम जयरामपुरा के पूर्व सरपंच राकेश परमार का निधन हो गया। यह हादसा पानबिहार से पहले हुआ, जहां उनकी तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक पंचर आयशर वाहन से टकरा गई। गंभीर हालत में उन्हें चरक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राकेश परमार (45) गुरुवार रात अपनी कार से उज्जैन के खंडेलवाल नगर में अपने बच्चों से मिलकर अपने गांव जयरामपुरा लौट रहे थे। वे कार में अकेले थे। उनकी तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े पंचर आयशर वाहन से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 डायल कर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। राकेश परमार को चरक अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार सुबह पोस्ट मार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। राकेश परमार अपने पीछे चार बच्चों और एक भरे-पूरे परिवार को छोड़ गए हैं। उनके बच्चे उज्जैन में रहकर पढ़ाई करते हैं। बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए उन्होंने खंडेलवाल नगर में एक मकान भी लिया था और अक्सर उज्जैन आकर परिवार के साथ समय बिताते थे।
Source link