छात्रावास में भोजन व्यवस्था में गड़बड़ी, अधीक्षक समेत 3कर्मचारी हटाए: बच्चों की शिकायत, प्रशासन की जांच; खाने में कीड़े और भरपेट भोजन नहीं मिला – rajgarh (MP) News

छात्रावास में भोजन व्यवस्था में गड़बड़ी, अधीक्षक समेत 3कर्मचारी हटाए:  बच्चों की शिकायत, प्रशासन की जांच; खाने में कीड़े और भरपेट भोजन नहीं मिला – rajgarh (MP) News




राजगढ़ जिले के खिलचीपुर स्थित विमुक्त घुम्मकड़ छात्रावास में भोजन व्यवस्था को लेकर लापरवाही का मामला सामने आया है। बच्चों द्वारा भरपेट भोजन नहीं मिलने और खाने में कीड़े निकलने की शिकायत के बाद प्रशासन ने जांच कर छात्रावास के अधीक्षक, जलवाहक और रसोइया को हटा दिया। शिकायतों के बाद तहसीलदार विनीत गोयल और सहायक संचालक अर्जुन कुमार मालवीय ने छात्रावास पहुंचकर निरीक्षण किया। शिकायत सामने आने पर प्रशासनिक टीम ने मौके पर भोजन व्यवस्था, रसोई और स्टॉक की जांच की। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में कमी पाई गई, जिसके बाद अधीक्षक राम प्रसाद वर्मा को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया। जलवाहक प्रेम नारायण को भी पद से हटाकर करेड़ी छात्रावास से चंदर सिंह की पदस्थापना की प्रक्रिया शुरू की गई। भोजन की गुणवत्ता और वितरण में लापरवाही सामने आने पर रसोइया को भी कार्य से पृथक किया गया, ताकि भोजन व्यवस्था में सुधार किया जा सके। सहायक संचालक अर्जुन कुमार मालवीय ने बताया कि बच्चों की शिकायतों के आधार पर जांच की गई और व्यवस्थागत कमियां मिलने पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि भोजन में समस्या सामने आई थी, हालांकि इसे अत्यधिक बड़ी लापरवाही नहीं बताया गया। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, भोजन वितरण में समयबद्धता और निगरानी में कमी के कारण यह स्थिति बनी। प्रशासन ने छात्रावास की व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए हैं और नए अधीक्षक की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही नियमित निरीक्षण और भोजन की गुणवत्ता की निगरानी बढ़ाने की बात कही गई है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की शिकायतों की पुनरावृत्ति न हो।



Source link