दमोह में गैस सिलेंडर फटा, घर मलबे में तब्दील: दो मकानों में आईं दरारें, परिवार खेत पर काम करने गया था – Damoh News

दमोह में गैस सिलेंडर फटा, घर मलबे में तब्दील:  दो मकानों में आईं दरारें, परिवार खेत पर काम करने गया था – Damoh News




दमोह जिले के मगरोन क्षेत्र के बेली गांव में शुक्रवार दोपहर एक घरेलू गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि तीन मकानों को नुकसान पहुंचा, जिनमें से एक पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय घर में कोई नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। यह घटना खरगराम अहिरवार के घर हुई। परिवार के लोग सुबह का खाना बनाकर खेत पर काम करने चले गए थे। दोपहर में उनकी बेटी ने भी खाना बनाया और गैस बंद कर घर पर ताला लगाकर खेत निकल गई। उसके जाने के कुछ देर बाद ही घर के अंदर जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना भीषण था कि सिलेंडर छत को फाड़ते हुए बाहर निकल गया। लाखों का नुकसान, सहम गया गांव विस्फोट से खरगराम का मकान पूरी तरह ढह गया, जबकि पड़ोस में रहने वाले दयाराम और रामदास अहिरवार के घरों की दीवारों में दरारें आ गईं। धमाके की आवाज सुनकर पूरा गांव दहल गया और लोग मौके की ओर दौड़े। इस हादसे में पीड़ित परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई है, जिससे लाखों का नुकसान बताया जा रहा है। पीड़ित ने प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है। पुलिस कर रही जांच मगरोन थाना प्रभारी बीएल पटेल ने बताया कि मकान मालिक की बेटी का कहना है कि वह सिलेंडर बंद करके गई थी। बंद घर में विस्फोट कैसे हुआ, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।



Source link