शाजापुर में रंगभरी ग्यारस के मौके पर शुक्रवार को फाग महोत्सव की धूम रही। शहर के कृष्ण मंदिरों में भक्ति और रंगों का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के साथ होली खेलकर सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। सोमवारिया बाजार के मंदिरों में जैसे ही भगवान के दर्शन शुरू हुए, वहां लठमार होली का आयोजन किया गया। रणछोड़ दास जी मंदिर, बड़ी हवेली के द्वारकाधीश मंदिर और आदित्य नगर के राधा-कृष्ण मंदिरों में उत्सव का खास माहौल रहा। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में ढोल-मंजीरों की थाप पर जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे पर गुलाल उड़ाकर खुशी जताई। भक्तिमय हुआ वातावरण मंदिरों में शाम होते ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान को अबीर-गुलाल अर्पित किया। महिलाओं और युवतियों के गाए गए सामूहिक फाग गीतों और भजनों से पूरा शहर आध्यात्मिक रंग में रंग गया। मंदिर समितियों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की गई थी। गरीब बच्चों के साथ मनाई होली धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ सामाजिक सरोकार की झलक भी देखने को मिली। सर्व हिन्दू उत्सव समिति और होली उत्सव समिति के सदस्यों ने बेरछा रोड स्थित गरीब बस्तियों में पहुंचकर बच्चों के साथ खुशियां बांटीं। समिति के पदाधिकारियों ने बच्चों को मिठाई, पिचकारी और रंग भेंट किए, जिससे बच्चों के चेहरों पर मुस्कान आ गई।
Source link