MP TOP NEWS: विधानसभा में आज हंगामेदार दिन; बोत्सवाना से 8 नए चीते आ रहे कुनो

MP TOP NEWS: विधानसभा में आज हंगामेदार दिन; बोत्सवाना से 8 नए चीते आ रहे कुनो


MP Breaking News: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…

विधानसभा में आज हंगामेदार दिन! किसान, धान और कानून व्यवस्था पर गरमाएगा सदन, 9 घंटे बजट पर मंथन

आज विधानसभा की कार्यवाही का दसवां दिन है और सदन में जोरदार बहस के आसार हैं. ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के दौरान किसान, धान खरीदी, कानून व्यवस्था समेत कई अहम मुद्दे गूंजेंगे. कुल 22 ध्यानाकर्षण लगाए गए हैं, जिससे सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी चर्चा देखने को मिल सकती है. आज का दिन बजट चर्चा के लिहाज से भी खास है. करीब 9 घंटे तक विभागवार बजट पर विस्तार से मंथन होगा. संस्कृति, खेल, पर्यावरण, ऊर्जा समिति सहित कई महत्वपूर्ण विभागों के बजट पर चर्चा की जाएगी. इसके अलावा तीन अशासकीय संकल्पों पर भी लगभग डेढ़ घंटे तक विचार-विमर्श होगा. ऐसे में आज का दिन राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है और सदन में गर्मागर्म बहस के पूरे आसार हैं.

भारत में फिर गूंजेगी चीते की दहाड़! बोत्सवाना से 8 नए चीते आ रहे, कुनो में होगा भव्य स्वागत

भारत में वन्यजीव संरक्षण की बड़ी खबर सामने आई है. बोत्सवाना से 6 मादा और 2 नर सहित कुल 8 नए चीते आज रात विशेष विमान से रवाना होंगे और शनिवार सुबह ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए उन्हें श्योपुर स्थित कुनो राष्ट्रीय उद्यान ले जाया जाएगा, जहां केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव और मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में उन्हें रिलीज किया जाएगा. इन चीतों के आने के बाद देश में कुल संख्या 38 से बढ़कर 46 हो जाएगी, जिससे प्रोजेक्ट चीता को नई मजबूती मिलेगी.

अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की 95वीं पुण्यतिथि पर भाबरा में भव्य कार्यक्रम, CM मोहन यादव देंगे 171 करोड़ की सौगात

अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की 95वीं पुण्यतिथि आज पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है. इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अलीराजपुर जिले के चन्द्रशेखर आजाद नगर (भाबरा) पहुंचकर स्मृति मंदिर में श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. मुख्यमंत्री भाबरा स्थित स्मृति मंदिर में पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद मंडी परिसर में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे और जनसमुदाय को संबोधित करेंगे. इस दौरान वे क्षेत्र को 171.19 करोड़ रुपये की लागत वाले विकास कार्यों की सौगात भी देंगे. कार्यक्रम में 14 विकास कार्यों का लोकार्पण और 35 कार्यों का भूमि-पूजन किया जाएगा. इसके अलावा सीएम उदयगढ़ में आयोजित पारंपरिक भगोरिया उत्सव में भी शामिल होंगे. उत्सव स्थल पर वे जनजातीय प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं व सुझावों को सुनेंगे. पुण्यतिथि के मौके पर पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा और आजाद के बलिदान को नमन करेगा.



Source link