‘अभी फ्यूल बाकी है’, आसानी से उम्मीद नहीं छोड़ने वाले शमी, वापसी की भरी हुंकार

‘अभी फ्यूल बाकी है’, आसानी से उम्मीद नहीं छोड़ने वाले शमी, वापसी की भरी हुंकार


होमक्रिकेट

‘अभी फ्यूल बाकी है’, आसानी से उम्मीद नहीं छोड़ने वाले शमी, वापसी की भरी हुंकार

Last Updated:

Mohammed Shami at Rising Bharat Summit 2026: मोहम्मद शमी ने एक बार फिर साफ कर दिया कि वह टीम इंडिया में वापसी की उम्मीद इतनी जल्दी नहीं छोड़ने वाले.न्यूज 18 राइजिंग भारत समिट 2026 के मंच से टीम इंडिया के इस स्टार पेसर ने कहा कि उनमें अभी भी देश के लिए खेलने का जुनून है. शमी ने यह भी कहा कि वह पूरी तरह फिट हैं.

Zoom

राइजिंग भारत समिट 2026 में मोहम्मद शमी.

नई दिल्ली. घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन करने के बाद भी अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी टीम इंडिया में जगह बनाने में कामयाब नहीं हो रहे हैं. 2023 वनडे वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले मोहम्मद शमी आखिरी बार भारत के लिए मार्च 2025 में खेलते नजर आए थे. इसके बाद से वह किसी भी फॉर्मेट में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं रहे हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट में लगातार खेल रहे हैं. शमी कई इंटरव्यूज में यह जाहिर कर चुके हैं कि वह अभी भी भारत के लिए खेलने के जुनूनी हैं. अब न्यूज18 राइजिंग भारत समिट में 35 साल के इस पेसर ने एक बार फिर खुलकर अपनी बात रखते हुए कहा है कि वह फिर भारतीय क्रिकेट में योगदान देने के लिए तैयार हैं.

वापसी को तैयार शमी
शमी ने कहा, ‘मैं हमेशा कहता हूं, चाहे आप कोई भी खेल खेलें, अगर आपके अंदर काबिलियत है तो उसे बर्बाद मत कीजिए. अगर आपके टैंक में फ्यूल बचा है, तो आखिरी बूंद तक उसे इस्तेमाल करिए और आगे बढ़ते रहिए.’ नवंबर 2024 में लंबी चोट के बाद वापसी करने के बाद शमी ने घरेलू क्रिकेट में जबरदस्त मेहनत की है. रणजी ट्रॉफी 2025–26 सीजन में बंगाल के लिए खेलते हुए वह शानदार फॉर्म में दिखे. सेमीफाइनल में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ उनका 8/90 का करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन उनकी काबिलियत का सबूत है. इस सीजन की 12 पारियों में शमी ने 36 विकेट लिए हैं और वे टूर्नामेंट में छठे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं.

राइजिंग भारत समिट 2026 में मोहम्मद शमी.

बावजूद इसके 2025 की शुरुआत में टी20 मैचों और भारत की सफल चैंपियंस ट्रॉफी अभियान का हिस्सा बनने के बाद भी उन्हें आगे भारतीय टीम में जगह नहीं मिली. वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में भी उन्हें नहीं चुना गया और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी वे वनडे और टी20 टीम से बाहर रहे. 64 टेस्ट मैच खेल चुके इस अनुभवी गेंदबाज के लिए सवाल उठ रहे हैं कि क्या वे फिर से पांच दिन के क्रिकेट की शारीरिक चुनौती झेल पाएंगे. इन सबके बीच उनका संदेश साफ है. उन्होंने कहा, ‘देश का प्रतिनिधित्व करने की बात हो तो मैं अपना सब कुछ दे दूंगा. मैं कभी पीछे मुड़कर ये नहीं सोचना चाहता कि मैंने अपनी क्षमता का थोड़ा भी हिस्सा अधूरा छोड़ दिया.’

शमी की इन बातों से एक बात तो साफ है कि उन्हें बाहरी शोर या चर्चाओं से फर्क नहीं पड़ता. पिछले अक्टूबर में गुजरात के खिलाफ रणजी मैच में पांच विकेट लेने के बाद भी उन्होंने कहा था, ‘बहुत मेहनत लगती है और किस्मत भी साथ देती है. हर खिलाड़ी देश के लिए खेलना चाहता है. मैं उसके लिए फिर से तैयार हूं.’ उन्होंने आगे कहा, ‘मेरा लक्ष्य फिट रहना है और हर समय भारतीय टीम के लिए उपलब्ध रहना है. मैदान पर मैं प्रदर्शन करता रहूंगा, बाकी फैसला चयनकर्ताओं के हाथ में है.’

About the Author

Shivam Upadhyay

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें



Source link