सिंगरौली जिले के निगाही क्षेत्र में शनिवार को एक युवक ने एनसीएल की ठेका कंपनी क्लॉउटेक से प्रताड़ित होने का आरोप लगाते हुए निगाही जीएम ऑफिस के सामने आत्महत्या की धमकी दी। युवक की पहचान विनोद साकेत के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, विनोद साकेत ने जीएम ऑफिस जाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था। इसमें उसने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। युवक का कहना था कि उसे पिछले चार महीने से जॉइनिंग लेटर के नाम पर लगातार घुमाया जा रहा है और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। इसके बाद विनोद निगाही जीएम ऑफिस के मुख्य गेट पर पहुंचा। वहां उसने एक हाथ में पेट्रोल लेकर आत्महत्या करने की धमकी दी। इस घटना का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को समझाने में जुट गई। फिलहाल, स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी ठेका कंपनी से प्रताड़ित होने का आरोप लगाते हुए विजय पनिका नामक युवक टॉवर पर चढ़कर आत्महत्या की चेतावनी दे चुका है। इस पूरे मामले में अब तक कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Source link