मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने शुक्रवार को प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा–2025 के परिणाम 14 प्रतिशत ओबीसी पदों सहित परिणाम घोषित किए हैं। न्यूनतम वेतन 25,300 रुपए है। महंगाई भत्ता भी दिया जाएगा। कुल 13,089 पदों में से 11,978 पदों (87%) के लिए नतीजे जारी किए हैं। यह परीक्षा स्कूल शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग के लिए 9 से 13 अक्टूबर 2025 को आयोजित हुई थी। 1,10,745 उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र जारी किए थे, जिनमें से 1,03,494 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। यानी 7,251 अनुपस्थित रहे थे। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, नीमच, रतलाम, रीवा, सागर, सतना, सीधी और उज्जैन समेत 11 शहरों में ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद आदर्श उत्तर कुंजी वेबसाइट पर अपलोड कर उम्मीदवारों से आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं। आपत्तियों के निराकरण के बाद अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर पर्सेंटाइल प्रणाली से परिणाम तैयार किया गया। श्रेणी, जेंडर, जन्मतिथि के आधार पर परिणाम मंडल ने स्पष्ट किया है कि नियमानुसार नि:शक्तजन वर्ग के उम्मीदवारों को पूर्व निर्धारित प्रावधानों के अंतर्गत समायोजित किया है। परीक्षा में समान अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों की आपसी वरीयता नियम पुस्तिका में तय प्रावधानों के अनुसार तय की है। ऑनलाइन आवेदन पत्र में उम्मीदवारों की श्रेणी, संवर्ग, लिंग, जन्मतिथि, मध्यप्रदेश के मूल निवासी होने और पद विकल्प, प्राथमिकता के आधार पर परिणाम तैयार किया है। अब विभागों में होगा दस्तावेजों का सत्यापन मंडल की प्रावीण्य सूची के आधार पर संबंधित विभाग, कार्यालय स्तर पर उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के बाद ही अंतिम चयन एवं नियुक्ति की कार्रवाई की जाएगी। मंडल ने यह भी स्पष्ट किया है कि परिणाम जारी होने के बाद यदि कोई तकनीकी गलती पाई जाती है तो उसमें संशोधन का अधिकार मंडल के पास सुरक्षित रहेगा। परीक्षा परिणाम एमपीईएसबी की आधिकारिक वेबसाइट www.esb.mp.gov.in पर उपलब्ध है, जहां से उम्मीदवार अपना परिणाम डाउनलोड कर सकते हैं।
Source link