राजधानी के बैरागढ़ इलाके में शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में 24 वर्षीय नर्सिंग छात्र की मौत हो गई। अज्ञात कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक ने शनिवार तड़के इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान आकाशदीप पुत्र सुनील कुमार दीप (24) के रूप में हुई है। वह एक निजी कॉलेज से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा था और भैंसाखेड़ी खजूरी सड़क क्षेत्र में रहता था। कार चालक फरार हो गया जानकारी के अनुसार आकाशदीप शुक्रवार देर रात अपना निजी काम निपटाकर घर लौट रहा था। चंचल चौराहा पर निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान उसने एक कट पॉइंट पार किया, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल आकाशदीप को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान शनिवार तड़के उसकी मौत हो गई। शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से अज्ञात कार और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
Source link