शिवपुरी जिले में 17 से 24 मार्च तक आयोजित होने वाले मेगा स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने के उद्देश्य से शनिवार को शहर में एक स्वास्थ्य जागरूकता रैली निकाली गई। यह आयोजन रोटरी इंटरनेशनल के सहयोग से संचालित रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन, शिवपुरी और श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन के संयुक्त तत्वाधान में किया जा रहा है। आगामी स्वास्थ्य शिविर का आयोजन जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज परिसर में किया जाएगा। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम विभिन्न बीमारियों की निःशुल्क जांच और उपचार उपलब्ध कराएगी। शिवपुरी के साथ-साथ गुना, अशोकनगर और आसपास के जिलों के मरीज भी इस शिविर का लाभ उठा सकेंगे। रैली का शुभारंभ शनिवार दोपहर चार बजे दो बत्ती चौराहे पर स्थित श्रीमंत माधवराव सिंधिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद रैली शहर के प्रमुख मार्गों जैसे सिद्धेश्वर रोड, विष्णु मंदिर, पुराना बस स्टैंड, कोर्ट रोड, अस्पताल चौराहा और अग्रसेन चौक से होती हुई तात्याटोपे पार्क पर समाप्त हुई। रैली में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, रोटरी क्लब के पदाधिकारी और नगरवासी शामिल हुए। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि शिविर में देश के ख्यातिनाम चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे, जिससे जरूरतमंद मरीजों को उच्च स्तरीय उपचार का लाभ निःशुल्क मिल सकेगा। आयोजकों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं। साथ ही, आसपास के जरूरतमंद लोगों को भी इसकी जानकारी दें।
Source link