Last Updated:
Sahibzada Farhan scripts history: पाकिस्तान के विस्फोटक ओपनर साहिबजादा फरहान ने टी20 वर्ल्ड कप में इतिहास रच दिया. वह टी20 विश्व कप के एक एडिशन में दो शतक जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने 59 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया. फरहान ने इस दौरान विराट कोहली का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. कोहली के नाम एक टी20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड था जिसे अब फरहान ने अपने नाम कर लिया. फरहान इस वर्ल्ड कप में सबसे अधिक 383 बना चुके हैं.
साहिबजादा फरहान टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में दो शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बने.
नई दिल्ली. क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में जब भी रिकॉर्ड्स की बात होती है, तो अक्सर बड़े नामों का जिक्र होता है. लेकिन टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने वह कर दिखाया है जो आज तक टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में कोई भी दिग्गज बल्लेबाज नहीं कर सका. श्रीलंका के खिलाफ पल्लेकल के मैदान पर फरहान ने न केवल एक शानदार शतक जड़ा, बल्कि इतिहास के पन्नों में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया.
साहिबजादा फरहान टी20 वर्ल्ड कप के एक ही एडिशन (सीजन) में दो शतक जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए. श्रीलंका के खिलाफ इस अहम मुकाबले में उन्होंने मात्र 59 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. फरहान की इस पारी में 9 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे. दिलचस्प बात यह है कि इसी टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज में उन्होंने नामीबिया के खिलाफ भी शतकीय पारी खेली थी. फरहान के इस असाधारण फॉर्म ने पाकिस्तान को इस वर्ल्ड कप में खिताब का प्रबल दावेदार बना दिया है.
साहिबजादा फरहान टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में दो शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बने.
क्रिस गेल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल एकमात्र ऐसे बल्लेबाज थे जिनके नाम दो शतक दर्ज थे. हालांकि, गेल ने ये दो शतक अलग-अलग एडिशन (2007 और 2016) में बनाए थे. फरहान ने अब एक ही टूर्नामेंट में दो बार 100 का आंकड़ा छूकर गेल की बराबरी ही नहीं की, बल्कि निरंतरता के मामले में उनसे एक कदम आगे निकल गए हैं.
श्रीलंका के खिलाफ पल्लेकल में ‘फरहान शो’
पल्लेकल की पिच पर श्रीलंकाई गेंदबाजों के पास फरहान की बल्लेबाजी का कोई जवाब नहीं था. उन्होंने फखर जमान (84 रन) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 176 रनों की रिकॉर्ड तोड़ साझेदारी की. यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी भी बन गई है.
फरहान ने अपनी पारी के दौरान चमीरा और मदुशंका जैसे अनुभवी गेंदबाजों की गति का बखूबी इस्तेमाल किया. उनकी बल्लेबाजी की सबसे बड़ी खूबी यह रही कि उन्होंने स्पिन और पेस, दोनों के खिलाफ समान सहजता से रन बनाए.
मैच का हाल: पाकिस्तान का विशाल स्कोर
फरहान के 100 रनों की बदौलत पाकिस्तान ने निर्धारित 20 ओवरों में 212/8 का विशाल स्कोर खड़ा किया. हालांकि, अंतिम ओवरों में श्रीलंका के दिलशान मदुशंका ने शानदार वापसी करते हुए फरहान और शाहीन अफरीदी को आउट किया, जिससे पाकिस्तान की पारी का अंत थोड़ा लड़खड़ा गया. पाकिस्तान ने एक समय 176/1 के स्कोर से फिसलकर 212/8 पर अपनी पारी खत्म की.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें