ग्रहण के कारण 4 मार्च को सजेगा अटका महापर्व: मैहर में लाखों श्रद्धालुओं को कढ़ी-भात का प्रसाद बांटा जाएगा – Maihar News

ग्रहण के कारण 4 मार्च को सजेगा अटका महापर्व:  मैहर में लाखों श्रद्धालुओं को कढ़ी-भात का प्रसाद बांटा जाएगा – Maihar News




मैहर जिले के अमरपाटन स्थित मुकुंदपुर के श्री जगन्नाथ स्वामी मंदिर में होली के अवसर पर होने वाले ‘अटका महापर्व’ की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इस साल 3 मार्च को चंद्र ग्रहण के कारण मंदिर की परंपराओं और कार्यक्रमों के समय में बदलाव किया गया है, जिसके चलते श्रद्धालु अब नए समय के अनुसार दर्शन और प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे। मंदिर प्रबंध समिति के सचिव अनिल द्विवेदी ने जानकारी दी कि 3 मार्च को चंद्र ग्रहण होने की वजह से होलिका दहन का कार्यक्रम ग्रहण समाप्त होने के बाद ही संपन्न किया जाएगा। इसके चलते मुख्य आयोजन ‘अटका महापर्व’ अब अगले दिन, यानी 4 मार्च को होगा। इसी दिन लाखों श्रद्धालुओं के बीच कढ़ी-भात के महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। ‘अटका प्रसाद’ और सामाजिक समरसता विंध्य क्षेत्र सहित पूरे देश में यह मान्यता प्रसिद्ध है कि ‘जगन्नाथ के भात को जगत पसारे हाथ’। माना जाता है कि यहां का कढ़ी-भात प्रसाद पापों से मुक्ति दिलाता है। इस महापर्व की अनूठी परंपरा यह है कि हर साल कोई एक ही सौभाग्यशाली भक्त पूरे मंदिर की सजावट और लाखों लोगों के भंडारे का जिम्मा उठाता है। एक ही पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण करने से यहां जाति-धर्म के भेदभाव मिटते हैं और सामाजिक एकता का संदेश मिलता है। सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम लाखों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। ताला थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि तहसीलदार और एसडीओपी के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार कर लिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रूट डायवर्सन और पार्किंग के विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि यातायात में कोई बाधा न आए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा।



Source link