भोजपुर मंदिर में वरमाला पर रोक से विवाद: ‘परमिशन लो’ कहकर रोकी गई वरमाला, वीडियो वायरल, युवक बोला– सिर्फ 2 मिनट की रस्म थी – Bhopal News

भोजपुर मंदिर में वरमाला पर रोक से विवाद:  ‘परमिशन लो’ कहकर रोकी गई वरमाला, वीडियो वायरल, युवक बोला– सिर्फ 2 मिनट की रस्म थी – Bhopal News




राजधानी से सटे प्राचीन भोजपुर मंदिर में एक नवविवाहित युवक को वरमाला की रस्म करने से रोकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में युवक खुद को भूपेंद्र शर्मा बताते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा कर्मियों पर रोकने का आरोप लगा रहा है। युवक का कहना है कि वह विधिवत शादी के बाद केवल दो मिनट के लिए वरमाला की रस्म और दर्शन करने पहुंचा था, लेकिन उसे अनुमति लेने की बात कहकर रोका गया। दूसरी ओर मंदिर के पुजारी अनूप गिरी का कहना है कि मंदिर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के अधीन संरक्षित स्मारक है, इसलिए किसी भी आयोजन के लिए संबंधित विभाग से अनुमति आवश्यक होती है। मंदिर ट्रस्ट की ओर से कोई आपत्ति नहीं है। दैनिक भास्कर ने मामले में संबंधित पक्षों से बात की। जहां युवक ने खुद को भूपेंद्र शर्मा बताते हुए कहा कि वह केवल दो-तीन मिनट के लिए वरमाला और दर्शन करने गया था, वहीं पुरातत्व विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मंदिर संरक्षित स्मारक है और किसी भी प्रकार की रस्म या आयोजन के लिए पूर्व अनुमति आवश्यक होती है। वीडियो में क्या दिखा?
पहले वीडियो में युवक मंदिर परिसर में खड़ा दिखाई देता है और कहता है कि “पूजा से मना नहीं कर रहा है, वरमाला से मना कर रहा है।” वह सवाल करता है कि “भगवान के मंदिर में भी परमिशन लेनी पड़े तो काहे का मंदिर?” दूसरे वीडियो में युवक कहता है कि वह शादी के बाद भगवान शिव के मंदिर में अर्धांगिनी को अपनाने के लिए वरमाला करने आया था, लेकिन “छोटी-छोटी बातों को दिखावा बताकर मंदिर से शादी करने को नीचे दिखाया जा रहा है। वीडियो में मंदिर का सुरक्षाकर्मी ‘सेंट्रल मोन्यूमेंट’ और ‘आर्किलॉजिकल’ से अनुमति लेने की बात कर रहा है। अंत में युवक “हर हर महादेव” के नारे लगाते हुए युवक ने युवती के गले में माला डाली। क्या है पूरा मामला
26 तारीख को शादी के बाद भूपेंद्र शर्मा अपनी पत्नी और कुछ परिजनों के साथ भोजपुर मंदिर पहुंचे थे। उनका कहना है कि वैदिक विधि से विवाह पहले ही हो चुका था और वे केवल भगवान शिव के समक्ष वरमाला की प्रतीकात्मक रस्म करना चाहते थे। युवक के अनुसार ढोल, कैमरा और वाहन गेट पर ही रोक दिए गए, जिसे उन्होंने स्वीकार किया। वे मंदिर के प्रांगण में गए, गर्भगृह में प्रवेश नहीं किया, लगभग 30 सेकंड में वरमाला की रस्म पूरी कर ली। कुल मिलाकर 4-5 मिनट ही परिसर में रुके। युवक सवाल करता है कि “मंदिर में आकर भी अनुमति लेनी पड़े तो कैसे?” इस दौरान ‘हर हर महादेव’ के नारे भी लगाए गए। पुजारी ने क्या कहा
मंदिर के पुजारी अनूप गिरी ने बताया कि भोजपुर मंदिर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के अधीन संरक्षित स्मारक है। ऐसे में सुरक्षा और प्रशासनिक नियम विभाग के अनुसार लागू होते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर ट्रस्ट या पुजारी पक्ष की ओर से किसी को आपत्ति नहीं है। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा कर्मियों ने रोका है तो वह ASI के नियमों के तहत किया गया होगा। पुरातत्व अधिकारियों ने कहा
पुरातत्व विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि भोजपुर मंदिर, सांची, खजुराहो, भीमबेटका और उदयगिरि जैसे स्मारक केंद्र सरकार के अधीन संरक्षित हैं और इनका संचालन भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा किया जाता है। अधिकारियों के अनुसार यह संरक्षित स्मारक परिसर में किसी भी प्रकार का आयोजन, शूट या सार्वजनिक रस्म पूर्व अनुमति के बिना नहीं की जा सकती। निजी शूटिंग के लिए निर्धारित शुल्क और प्रक्रिया है, जिसे संबंधित प्राधिकरण से स्वीकृति लेकर पूरा करना होता है। यदि कोई व्यक्ति वरमाला जैसी रस्म भी करना चाहता है, तो उसे पहले अनुमति लेनी चाहिए। संरक्षित स्मारक होने के कारण नियम सख्त
भोजपुर मंदिर केंद्र सरकार द्वारा संरक्षित प्राचीन स्मारक है। ऐसे स्मारकों में आयोजन, फोटोग्राफी, व्यावसायिक शूट या किसी प्रकार की सार्वजनिक रस्म के लिए पूर्व अनुमति की आवश्यकता हो सकती है। हालांकि, सामान्य दर्शन और पूजा पर कोई रोक नहीं है। विवाद इस बात को लेकर खड़ा हुआ कि क्या अल्प समय की वरमाला जैसी रस्म भी ‘आयोजन’ की श्रेणी में आती है या नहीं। ये खबर भी पढ़ें… दूल्हे का सेहरा सुहाना लगता है शादी के मंच पर जैसे ही दूल्हे ने माइक संभालकर “दूल्हे का सेहरा सुहाना लगता है” गाना शुरू किया, मेहमानों के मोबाइल कैमरे ऑन हो गए। कुछ ही देर में वही वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंचा और देखते ही देखते वायरल हो गया। दरअसल, गुना की कोकाटे कॉलोनी में रहने वाले शिवाजी सुर्वे की शादी 21 फरवरी को अशोकनगर के देसाईखेड़ा की पद्मिनी से हुई।पूरी खबर पढ़ें



Source link