मंदसौर शहर की जीवनरेखा मानी जाने वाली शिवना नदी को स्वच्छ और निर्मल बनाने के लिए चल रहे शुद्धिकरण अभियान के 93वें दिन रविवार को श्रमदानियों ने व्यापक स्तर पर सफाई की। अभियान के तहत नदी के तट और जलधारा के भीतर से प्लास्टिक, गाद व अन्य सामग्री निकालकर एक ट्राली कचरा बाहर निकाला गया है। शहर में यह अभियान निरंतर जारी है, जिसमें विधायक विपिन जैन सहित कई समाजसेवी और नागरिक हर रविवार को अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। रविवार को श्रमदानियों ने नदी के किनारे लंबे समय से जमा प्लास्टिक की थैलियां, बोतलें और अन्य सामग्रियों को एकत्रित कर बाहर निकाला। इसके बाद श्रमदानी नदी में उतरकर जलधारा के भीतर फंसे प्लास्टिक कचरे को भी निकालते नजर आए। पानी में जमी गाद और कचरे को हटाकर नदी के प्रवाह को स्वच्छ रखने का प्रयास करते हुए कुल एक ट्राली कचरा नदी से बाहर निकाला गया। विधायक की अपील- प्लास्टिक का उपयोग कम करें अभियान के दौरान विधायक विपिन जैन ने उपस्थित नागरिकों से प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और कचरा इधर-उधर न फेंकने की अपील की। उन्होंने कहा कि नदी की स्वच्छता बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने मंदसौरवासियों से आह्वान किया कि वे प्रत्येक रविवार को शिवना शुद्धिकरण अभियान में शामिल होकर श्रमदान करें। भास्कर से बोले विधायक- आगे भी जारी रहेगी पहल इस पूरे अभियान को लेकर विधायक विपिन जैन ने भास्कर को बताया- “लगातार 93 दिनों से चल रहा यह अभियान शहर में जनजागरूकता का उदाहरण बनता जा रहा है। प्रत्येक रविवार को नागरिकों की भागीदारी के साथ नदी को स्वच्छ बनाने की यह पहल आगे भी जारी रहेगी।” इन जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने किया श्रमदान अभियान के 93वें दिन श्रमदान करने वालों में विधायक विपिन जैन के साथ कई समाजसेवी मौजूद रहे। इनमें मुख्य रूप से हेमराज खाबिया, रमेश सोनी, इष्टा भाचावत, राखी सत्रावाला, अनीता भदोरिया, वर्षा सांखला, प्रमिला पंवार, वर्षा धोसरिया, राजनारायण लाड़, विकास दशोरा, मनोहर नाहटा, विश्वास दुबे, ऋषिराज लाड़, प्रिंस सत्रावाल और गोपाल बंजारा सहित अन्य नागरिकों ने उपस्थित रहकर सक्रिय भागीदारी निभाई।
Source link