मंडला जिले के नेशनल हाईवे 30 पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। मोतीनाला थाना क्षेत्र में रायपुर से जबलपुर जा रहा गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि ट्रक में खाली सिलेंडर लदे थे, जिससे किसी बड़े नुकसान से बचा जा सका। दुर्घटना में ट्रक चालक सहित कुल तीन लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान गोविंद झारिया (37), कैलाश ठाकुर (55) और सुनीता ठाकुर (40) के रूप में हुई है। हादसे के बाद सड़क पर सिलेंडर बिखर गए। घटना की सूचना तत्काल हाइवे हेल्पलाइन 1033 पर दी गई। सूचना मिलते ही राहत टीम मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक इलाज दिया। इसके बाद उन्हें भुआ बिछिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या वाहन का संतुलन बिगड़ने को हादसे की वजह बताया जा रहा है।
Source link