मोबाइल में वीडियो मिले, पटवारी न्यायिक हिरासत में: खिलचीपुर में नाबालिग छात्रा का बनाया था वीडियो, एसडीएम ने किया सस्पेंड – rajgarh (MP) News

मोबाइल में वीडियो मिले, पटवारी न्यायिक हिरासत में:  खिलचीपुर में नाबालिग छात्रा का बनाया था वीडियो, एसडीएम ने किया सस्पेंड – rajgarh (MP) News




राजगढ़ जिला के खिलचीपुर में नाबालिग छात्रा से जुड़े गंभीर आपराधिक मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। आरोपी पटवारी महेश साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अंकिता जैन ने आरोपी पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एसडीएम द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि महेश साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 77, पॉक्सो एक्ट की धारा 13/14 और आईटी एक्ट की धारा 66(ई) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मोबाइल जांच में मिले आपत्तिजनक वीडियो पुलिस जांच में आरोपी के मोबाइल फोन की डिजिटल जांच की गई, जिसमें नाबालिग छात्रा से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। निलंबन अवधि के दौरान आरोपी पटवारी का मुख्यालय नायब तहसील कार्यालय जीरापुर तय किया गया है। इस दौरान उसे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। साथ ही विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों में आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। फिलहाल आरोपी न्यायिक हिरासत में जेल में है और प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई जारी है। प्रशासन का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



Source link