Last Updated:
Khandwa Love Story: मध्यप्रदेश के खंडवा की वामिक खान और हिना कौसर की प्रेम कहानी आज सच्चे प्यार की मिसाल बन चुकी है. कंप्यूटर क्लास में शुरू हुआ यह रिश्ता तमाम मुश्किलों और पारिवारिक विरोध के बाद 2019 में निकाह तक पहुंचा. हिना दोनों पैरों से दिव्यांग हैं, लेकिन वामिक ने कभी इसे अपने प्यार के बीच नहीं आने दिया. करीब छह साल तक चले रिश्ते के बाद परिवार को मनाकर दोनों ने शादी की और आज खुशहाल जीवन जी रहे हैं. यह कहानी साबित करती है कि सच्चा प्यार किसी कमी को नहीं देखता, बल्कि साथ निभाने का नाम होता है.
Khandwa News: मध्यप्रदेश के खंडवा शहर से एक ऐसी प्रेम कहानी सामने आई है, जिसे सुनकर आज भी लोग कहते हैं सच्चा प्यार सच में होता है. यह कहानी है वामिक खान और हिना कौसर खान की. दोनों की मुलाकात साल 2013 में एक कंप्यूटर क्लास में हुई थी. वामिक तब स्कूल में थे और कंप्यूटर सीखने पहुंचे थे. वहीं पहली बार उन्होंने हिना को देखा और दिल हार बैठे. उस समय उन्हें यह नहीं पता था कि हिना दोनों पैरों से दिव्यांग हैं. लेकिन उनका प्यार किसी सूरत या हालात से नहीं, दिल से हुआ था.
कंप्यूटर क्लास से शुरू हुई मोहब्बत
पहली मुलाकात के बाद वामिक हिना को पसंद करने लगे. लेकिन हिना इस रिश्ते को लेकर गंभीर नहीं थीं. उन्होंने इन बातों से बचने के लिए कंप्यूटर क्लास छोड़ दी. वामिक ने हार नहीं मानी. दोस्तों के जरिए नंबर लिया और बात करने की कोशिश की. शुरुआत में हिना ने बात करने से मना कर दिया, लेकिन धीरे-धीरे बातचीत शुरू हुई. इसी दौरान हिना ने साफ कहा कि वह दोनों पैरों से दिव्यांग हैं. यह सुनकर भी वामिक का प्यार कम नहीं हुआ. बल्कि उन्होंने कहा कि उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता.
परिवार को मनाना था सबसे बड़ी चुनौती
करीब 6 साल तक दोनों का रिश्ता चलता रहा. लेकिन असली मुश्किल तब आई जब वामिक ने घरवालों को बताया. उनके परिवार में पहले कभी प्रेम विवाह नहीं हुआ था. घरवालों को चिंता थी कि दिव्यांग लड़की के साथ जीवन कैसे चलेगा. वामिक ने हिम्मत नहीं हारी. छोटी बहन की मदद से उन्होंने परिवार को समझाया. करीब एक साल तक विरोध चला, लेकिन आखिरकार सच्चे प्यार के आगे परिवार को झुकना पड़ा.
2019 में हुआ निकाह
साल 2019 में दोनों ने निकाह कर लिया. आज वामिक अपना खुद का व्यवसाय करते हैं और एक्सीडेंटल व डैमेज कारों का काम संभालते हैं. परिवार में माता-पिता, पत्नी हिना और बच्चे हैं. वामिक कहते हैं कि प्यार अगर सच्चा हो तो कोई भी कमी बीच में नहीं आती.
समाज के लिए मिसाल
आज उनकी कहानी लोगों के लिए प्रेरणा बन चुकी है. यह कहानी बताती है कि प्यार किसी की कमजोरी नहीं देखता, बल्कि साथ निभाने की ताकत देता है. तमाम मुश्किलों के बावजूद दोनों ने अपने रिश्ते को मजबूत बनाया और खुशहाल जिंदगी जी रहे हैं.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें