महाकाल मंदिर के पास इस होटल में बना नॉनवेज? स्टाफ बोलते सुना गया, ‘मुर्गा, मछली वाले हाथ’

महाकाल मंदिर के पास इस होटल में बना नॉनवेज? स्टाफ बोलते सुना गया, ‘मुर्गा, मछली वाले हाथ’


Last Updated:

उज्जैन के होटल सम्राट विक्रमादित्य द हेरिटेज होटल (महाराजवाड़ा) में नॉनवेज पकाने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. इसको लेकर होटल प्रबंधन की इस पर सफाई भी सामने आई है. यह होटल शहर के सबसे महंगे होटलों में शामिल है और महाकाल मंदिर से सिर्फ 100 मीटर की दूरी पर स्थित है.

उज्जैन महाराजवाड़ा स्थित होटल सम्राट विक्रमादित्य द हेरिटेज में बड़ा खुलासा हुआ है. महाकाल मंदिर से महज 100 मीटर दूर स्थित इस प्रतिष्ठित होटल में नॉनवेज पकाए जाने का वीडियो सामने आया है. जबकि होटल खुद को शुद्ध शाकाहारी बताता है. वायरल फुटेज में स्टाफ देर रात मांस-मछली बनाते नजर आ रहा है और कहते सुनाई दे रहे हैं. ‘मुर्गा-मछली के हाथ धो लेना’ इतना ही नहीं, नॉनवेज पकाते समय किचन के CCTV कैमरे का एंगल भी बदल दिया गया. मध्य प्रदेश पर्यटन निगम से संचालित इस होटल की कार्यशैली पर अब गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

अधिकारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में
उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य द हेरिटेज होटल (महाराजवाड़ा) में तैनात लाइजनिंग ऑफिसर अजय राणावत की जिम्मेदारी होटल में ठहरने वाले मेहमानों को महाकाल मंदिर में दर्शन कराना और आरती में शामिल करवाना है. लेकिन सामने आए सीसीटीवी फुटेज में वे होटल के किचन से जुड़े कामों में दखल देते नजर आ रहे हैं. इससे उनकी कार्यशैली और भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं और पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है.

कर्मचारी बोला- मुर्गा, मछली के हाथ है, धो लेना
वायरल वीडियो में चार कर्मचारी कथित तौर पर नॉनवेज डिश तैयार करते नजर आ रहे हैं. बातचीत के दौरान वे एक-दूसरे से कहते सुनाई देते हैं, ‘मुर्गा-मछली वाले हाथ धो लेना’ इस टिप्पणी के बाद मामला और गंभीर हो गया है. वहीं होटल प्रबंधक सतीश पाठक ने सफाई देते हुए कहा कि वीडियो में आवाज जरूर आ रही है, लेकिन होटल में सिर्फ सब्जियों से ही कार्विंग की जाती है. उनका दावा है कि कर्मचारी आपस में उसी कार्विंग को लेकर मछली जैसी आकृति की बात कर रहे होंगे. हालांकि वे यह स्पष्ट नहीं कर पाए कि फिर हाथ धोने की बात क्यों कही गई.

होटल प्रबंधन की तरफ से कही गई ये बात
होटल प्रबंधन के सतीश पाठक ने बताया कि जो सीसीटीवी वीडियो वायरल हुआ है, उसे होटल में काम करने वाले कुछ कर्मचारियों ने ही बाहर साझा किया है. उनका कहना है कि वीडियो सामने आने के बाद पर्यटन विभाग की टीम सोमवार को उज्जैन पहुंची और पूरे मामले की जांच की. जांच के दौरान होटल प्रबंधन ने अधिकारियों को समझाया कि वीडियो में दिखाई दे रही डिश पूरी तरह शाकाहारी थी. न कि नॉनवेज, सतीश पाठक के मुताबिक कुछ कर्मचारियों ने गलत जानकारी फैलाकर होटल की छवि खराब करने की कोशिश की है.

इसी को लेकर होटल प्रबंधन ने प्रियंका पटेल (एफओए), राकेश सेन (स्टोर कीपर), हरिशंकर साहू और अर्पित तिवारी के खिलाफ महाकाल थाने में शिकायत दर्ज कराई है. आरोप है कि इन लोगों ने झूठी शिकायत की और सीसीटीवी फुटेज हासिल कर उसे भ्रामक तरीके से वायरल किया. मामले की जांच अब पुलिस कर रही है.



Source link