66 साल के हुए केन्द्रीय मंत्री शिवराज,परिवार संग रोपे पौधे: अब मामा कोचिंग, चलित अस्पताल जैसी शुरुआत करेंगे; पीएम मोदी ने दी बधाई – Bhopal News

66 साल के हुए केन्द्रीय मंत्री शिवराज,परिवार संग रोपे पौधे:  अब मामा कोचिंग, चलित अस्पताल जैसी शुरुआत करेंगे; पीएम मोदी ने दी बधाई – Bhopal News




केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आज जन्मदिन है। शिवराज ने अपने 66वें जन्मदिन पर भोपाल के स्मार्ट पार्क में परिवार के साथ पौधारोपण किया। इसके बाद उन्होंने मीडिया से चर्चा में आगामी योजनाओं के बारे में बताया। शिवराज ने बताया कि इस जन्मदिन से वे पांच संकल्प ले रहे हैं। जिसमें पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, सेवा, सहायता और प्रतिभा प्रोत्साहन के लिए काम करेंगे। PM मोदी ने दी बधाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्रीय मंत्री चौहान को बधाई देते हुए X पर लिखा- केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान जी को उनके जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। वे अपने विनम्र स्वभाव और जनता से जुड़ाव के लिए प्रशंसित हैं। वे हमारे किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए अथक परिश्रम कर रहे हैं। हम उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हैं। इन मुद्दों पर ऐसे काम करेंगे शिवराज पर्यावरण संरक्षण- पेड़ केवल लकड़ी का ढांचा नहीं, करोड़ों जीवों का घर और हमारी ऑक्सीजन की फैक्ट्री हैं। धरती का तापमान कम करना है, तो हर हाल में पेड़ लगाना है। मामा कोचिंग क्लासेस- पैसे की कमी किसी बच्चे के भविष्य की बाधा नहीं बनेगी। विदिशा, रायसेन और भैरुंदा में हम बेहतरीन और मुफ्त कोचिंग शुरू कर रहे हैं ताकि गरीब का बच्चा भी अफसर बन सके। प्रतिभा सम्मान- माता-पिता की स्मृति में विदिशा संसदीय क्षेत्र के मेधावी बच्चों के लिए प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान का शुभारंभ किया जाएगा। टॉपर्स को सम्मान राशि दी जाएगी। मोटराइज्ड ट्राई साइकिल- अब हाथों से साइकिल चलाने का कष्ट नहीं होगा। बैटरी वाली मोटराइज्ड साइकिल से हमारे दिव्यांग भाई-बहन न केवल चलेंगे, बल्कि अपना रोजगार भी कर सकेंगे। मामा चलित अस्पताल- विदिशा की आठों विधानसभाओं के गांव-गांव और मजरे-टोलों तक अब खुद चलकर आएगा ‘मामा चलित अस्पताल’। आधुनिक जांच और डॉक्टरों की टीम के साथ, अब द्वार पर ही होगा हर गरीब का नि:शुल्क इलाज। दूरस्थ इलाकों में मिलेगा इलाज शिवराज ने कहा- मेडिकल मोबाइल वैन में भी मैंने देखा कि कई बार जो इंटीरियर के इलाके हैं, वहां चिकित्सा की सुविधां मिल नहीं पाती हैं। और छोटी-छोटी बीमारी के लिए फिर भोपाल और बाकी जगह आना पड़ता है। तो अपने संसदीय क्षेत्र की 8 विधानसभाओं में 8 मोबाइल क्लिनिक, जिनमें दवाइयां रहें, जो प्रारंभिक जांचें होती हैं, ईसीजी से लेके, ब्लड से लेकर जो वहां आसानी से हो सकती हैं वो उसका सामान रहे, डॉक्टर रहे, कंपाउंडर रहे। और इंटीरियर के इलाके में हम तय करेंगे कि जहां वैन खड़ी हो जाए, तो वहां 5-7-10 गांव के लोग आ जाएं, अपना चेकअप करा लें। छोटी-मोटी बीमारियों में तत्काल इलाज हो जाए, दवाई दे दें। और कोई ऐसी चीज है कि जिसके लिए रेफर करके कहीं और दिखाना जरूरी है, तो वो रेफर करने का काम करें। स्वामी अवधेशानंद ने पौधा रोपा और बधाई दी जूनापीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए पौधा रोपा और कहा कि उनका सार्वजनिक जीवन सनातन धर्म, संस्कृति और सेवा-समर्पण के मूल्यों से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि चौहान किसानों और ग्रामीण विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं तथा उनकी कार्यशैली में संवेदनशील नेतृत्व और दूरदर्शी सोच दिखाई देती है। स्वामी अवधेशानंद ने उनके दीर्घ, स्वस्थ और सफल जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राष्ट्रसेवा और लोककल्याण की यात्रा आगे भी नए आयाम प्राप्त करे।



Source link