केले की मिठास पर युद्ध का कहर: ईरान-इजरायल युद्ध से निर्यात रुका, बड़वानी के किसान परेशान – Barwani News

केले की मिठास पर युद्ध का कहर:  ईरान-इजरायल युद्ध से निर्यात रुका, बड़वानी के किसान परेशान – Barwani News




मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के केला उत्पादक किसान ईरान-इजरायल युद्ध के कारण संकट में हैं। खाड़ी देशों में जारी तनाव से केले का निर्यात रुक गया है, जिससे किसानों को अपनी फसल औने-पौने दामों पर बेचनी पड़ रही है। बड़वानी का केला अपनी मिठास और गुणवत्ता के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है। यहां से हर साल बड़ी मात्रा में केला ईरान, इराक, इजरायल, बहरीन, तुर्की और दुबई सहित अन्य मध्य-पूर्वी देशों को निर्यात किया जाता है। नर्मदा किनारे की उपजाऊ भूमि और नदी के पानी से होने वाली खेती के कारण यहां के केले का स्वाद और आकार विशेष होता है। अंतरराष्ट्रीय हालात का सीधा असर किसानों की आय पर पड़ रहा है। खाड़ी देशों में जारी युद्ध और तनाव के कारण केले का निर्यात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। रमजान के महीने में आमतौर पर केले की मांग बढ़ जाती है, लेकिन इस बार बाजार में सन्नाटा पसरा है। लगात निकलना मुश्किल किसान महेश राठौड़ ने बताया कि उन्होंने 6 एकड़ खेत में केले की फसल लगाई थी, जिस पर प्रति एकड़ 85 से 90 हजार रुपए का खर्च आया था। कुल लागत पांच लाख रुपए से अधिक थी। कुछ दिन पहले तक केले का भाव 22 से 25 रुपए प्रति किलोग्राम मिल रहा था, जो अब घटकर 8 से 9 रुपए प्रति किलोग्राम रह गया है। राठौड़ के अनुसार, फसल पूरी तरह तैयार है, लेकिन खरीदार नहीं मिल रहे हैं। कई किसान अपनी उपज लागत से भी कम दाम पर बेचने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही, तो केला उत्पादक किसानों की आर्थिक स्थिति और कमजोर हो सकती है। भाव गिरकर 9 रुपए किलो पर किसान बलराम यादव का कहना है कि केले की फसल तैयार है, लेकिन भाव नहीं मिल रहा। पहले 25 रुपए तक मिल रहा था, अब 8-9 रुपए में बेचना पड़ रहा है। लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है। किसानों का कहना है कि जिले में हजारों एकड़ में लगा केला अब कम कीमत के चलते अपनी मिठास खो सकता है। बड़वानी का केला विदेशों में जाता था। मगर निर्यात नहीं होने के कारण यही खेरची में बिक रहा है और भाव नहीं मिल रहे हैं। कोई व्यापारी खरीदने को तैयार नहीं है। केला व्यापारियों का भी कहना है कि हर साल बड़वानी जिले से बड़ी मात्रा में केला विदेश भेजा जाता है। लेकिन इस बार युद्ध के चलते निर्यात लगभग रुक गया है। अब माल को दिल्ली, ग्वालियर और अन्य बड़े शहरों के बाजारों में भेजना पड़ रहा है, जहां पहले से ही स्टॉक मौजूद होने के कारण अच्छे दाम नहीं मिल पा रहे। व्यापारी और किसान दोनों को नुकसान केला व्यापारी झक्कू दरबार ने बताया कि मैं खुद करीब 50 टन केला विदेश भेजता हूं और पूरे जिले से करीब 200 टन से ज्यादा माल बाहर जाता है। लेकिन अभी निर्यात बंद जैसा हो गया है, इसलिए व्यापारियों और किसानों दोनों को नुकसान हो रहा है।
बड़वानी जिले में हजारों किसान केले की खेती पर निर्भर हैं। ऐसे में यदि अंतरराष्ट्रीय हालात जल्द सामान्य नहीं हुए तो इसका सीधा असर किसानों की आय पर पड़ सकता है। फिलहाल किसानों की नजर बाजार और हालात के सुधरने पर टिकी है।



Source link