निवाड़ी जिले की धार्मिक नगरी ओरछा में बेतवा नदी में डूबे एक युवक का शव दो दिन बाद बरामद कर लिया गया है। होली के दिन हुए इस हादसे के बाद एसडीईआरएफ की टीम लगातार तलाश कर रही थी। शुक्रवार को टीम को सफलता मिली और शव घटनास्थल से तीन किलोमीटर दूर मिला। मृतक की पहचान बिहार के बक्सर जिले के विनोद शर्मा के रूप में हुई है, जो प्रतापपुरा में रहता था और अंकित प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करता था। होली के दिन वह अपने दोस्तों के साथ ओरछा घूमने आया था। बताया जा रहा है कि बड़े पुल के पास पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव तेज होने और गहराई अधिक होने के कारण वह नदी में समा गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और विनोद की तलाश शुरू की गई। एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया, जिसने नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। दो दिन तक चलाया रेस्क्यू दो दिनों तक चले इस कठिन अभियान के बाद आखिरकार शुक्रवार को टीम को सफलता मिली। विनोद का शव घटनास्थल से तीन किलोमीटर दूर किले के पीछे नदी से बरामद किया गया। शव बरामद होने के बाद उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, जहां पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में एसडीईआरएफ टीम के कई जवानों ने अहम भूमिका निभाई। टीम प्रभारी प्लाटून कमांडर पीयूष शर्मा के नेतृत्व में सैनिक रवि विश्वकर्मा, जितेंद्र, शोभाराम वंशकार, हनुमत सिंह, जगदीश, सौरभ तिवारी और राजकुमार चुरारिया लगातार दो दिन तक नदी में तलाश अभियान चलाते रहे। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
Source link