वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं उपार्जन के लिए सरकार 16 मार्च से खरीदी शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसे लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले ही समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे चुके हैं। प्रदेश में इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में 16 मार्च से 5 मई तक समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी की जाएगी। वहीं जबलपुर, ग्वालियर, रीवा, शहडोल, सागर और चंबल संभाग में 23 मार्च से 12 मई तक उपार्जन किया जाएगा। नर्मदापुरम में 53 हजार 700 किसानाें ने पंजीयन कराया नर्मदापुरम जिले में अब तक 53,700 किसानों ने एमएसपी पर गेहूं बेचने के लिए पंजीयन करा लिया है। किसानों के लिए पंजीयन की अंतिम तारीख 7 मार्च निर्धारित की गई है। पंजीयन कार्य के लिए जिले में कुल 132 पंजीयन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें तहसील डोलरिया में 13, इटारसी में 15, पिपरिया में 11, बनखेड़ी में 15, बाबई में 17, सिवनी मालवा में 32, सोहागपुर में 19, नर्मदापुरम ग्रामीण में 9 और नर्मदापुरम नगर में 1 पंजीयन केंद्र स्थापित किए गए हैं। पंजीयन सहकारी समितियों और सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित केंद्रों के साथ ही ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्रों के माध्यम से कराया जा रहा है। इसके अलावा ई-लोक सेवा केंद्र, कॉमन सर्विस सेंटर, एमपी ऑनलाइन कियोस्क और साइबर कैफे के माध्यम से भी सशुल्क पंजीयन की व्यवस्था की गई है। जिला आपूर्ति अधिकारी रश्मि साहू ने बताया कि जिले में अब तक 53,700 से अधिक किसानों का पंजीयन हो चुका है। 7 मार्च तक पंजीयन की प्रक्रिया जारी रहेगी।
Source link