Last Updated:
Zaid Crop Farming Tips: गेहूं और चना की कटाई के बाद किसान अगर खेत खाली छोड़ देते हैं तो यह उनकी बड़ी गलती हो सकती है. कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक इस समय जायद की फसलें लगाकर किसान अतिरिक्त कमाई कर सकते हैं. मूंग, उड़द, सांवा, कोदो और कई सब्जियों की खेती गर्मियों में कम पानी में भी अच्छी होती है. इन फसलों की बाजार में मांग भी ज्यादा रहती है जिससे किसानों को बेहतर दाम मिलते हैं. सही योजना के साथ किसान साल में तीन फसलें लेकर अपनी आय को काफी बढ़ा सकते हैं.
Agri Tips: कृषि कल्याण तथा कृषि विकास उप संचालक यू.पी. बागरी के अनुसार विंध्य क्षेत्र कृषि के लिहाज से काफी समृद्ध माना जाता है. यहां अधिकतर परिवार खेती पर ही निर्भर हैं.
पहले के समय में कई किसान सिंचाई के लिए सिर्फ बारिश के पानी पर निर्भर रहते थे. गर्मियों में पानी की कमी के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. मार्च और अप्रैल में गेहूं सहित कई रबी फसलों की कटाई पूरी हो जाती है और इसके बाद गर्मी तेज हो जाती है. इस दौरान तेज लू और गिरते जलस्तर की वजह से पानी की समस्या बढ़ जाती है, जिसके कारण कई किसान अप्रैल से जून के बीच खेती ही नहीं करते. इससे उनकी आमदनी और उत्पादन दोनों प्रभावित होते हैं.
जायद फसलें बन सकती हैं कमाई का जरिया
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि अगर किसान सही योजना बनाएं तो गर्मियों का मौसम भी अच्छी कमाई का मौका बन सकता है. इस समय जायद की फसलों की खेती की जा सकती है. मोटे अनाज जैसे सांवा, कोदो, रागी और पटुवा की खेती कम पानी में भी आसानी से की जा सकती है. इसके अलावा सब्जियों में बैंगन, शिमला मिर्च, तोरई, कद्दू, लौकी, तरबूज, खीरा और खरबूजा की खेती भी किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है.
मूंग-उड़द की खेती में कम पानी, ज्यादा फायदा
दलहनी फसलों में मूंग और उड़द की खेती भी किसानों के लिए बेहतर विकल्प मानी जाती है. इन फसलों में पानी की जरूरत काफी कम होती है और इन्हें कम बारिश वाले क्षेत्रों में भी उगाया जा सकता है. करीब 30 से 40 सेंटीमीटर बारिश वाले इलाकों में भी इनकी खेती संभव है. साथ ही बाजार में इनकी मांग हमेशा बनी रहती है, जिससे किसानों को अच्छा मुनाफा मिल सकता है.
सब्जियों की खेती से बढ़ेगी किसानों की आय
कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि गर्मियों में सब्जियों की खेती करके किसान कम लागत में अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं. बैंगन, टमाटर और कई अन्य सब्जियों की खेती इस मौसम में अच्छी होती है और इनमें सिंचाई के लिए भी ज्यादा पानी की जरूरत नहीं पड़ती.
अगर किसान गेहूं और चना की कटाई के बाद इन फसलों की बुवाई करें तो साल में तीन फसलें लेकर अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं. इससे खेती ज्यादा लाभदायक बन सकती है और किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो सकती है.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें