नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप अबअपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है. 8 मार्च को खेले जाने वाले खिताबी मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडियका सामना न्यूजीलैंड से होगा. फाइनल से एक दिन पहले ही क्रिकेट जगत में इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर उत्साह चरम पर है. आधुनिक क्रिकेट के सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक माने जा रहे इस मैच में दोनों टीमों के बीच कुछ अहम व्यक्तिगत मुकाबले परिणाम तय करने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं.
भारत और न्यूजीलैंड दोनों ही टी20 क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाली टीमें रही हैं. ऐसे में खिलाड़ियों के बीच होने वाले ये छोटे-छोटे मुकाबले मैच का रुख बदल सकते हैं. आइए नजर डालते हैं उन चार बड़ी टक्करों पर, जो फाइनल में निर्णायक साबित हो सकती हैं.
फिन एलन बनाम जसप्रीत बुमराह
फाइनल में सबसे रोमांचक भिड़ंत न्यूजीलैंड के विस्फोटक ओपनर फिन एलन और भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बीच देखने को मिल सकती है.फिन एलन अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और पावरप्ले में गेंदबाजों पर दबाव बनाने के लिए जाने जाते हैं. उनका निडर अंदाज उन्हें बड़े मैचों में और भी खतरनाक बना देता है.वहीं दूसरी तरफ बुमराह टी20 क्रिकेट के सबसे घातक गेंदबाजों में गिने जाते हैं. सटीक यॉर्कर, चतुर स्लोअर गेंद और तेज रफ्तार उनकी सबसे बड़ी ताकत है. आईसीसी टूर्नामेंटों में उन्होंने दुनिया के बेहतरीन बल्लेबाजों को परेशान किया है.आंकड़ों की बात करें तो टी20 इंटरनेशनल में बुमराह ने एलन को अब तक सिर्फ 5 गेंदें डाली हैं और एलन अभी तक आउट नहीं हुए हैं. ऐसे में यह मुकाबला मैच की शुरुआती लय तय कर सकता है.
टिम सीफर्ट बनाम अर्शदीप सिंह
दूसरी अहम टक्कर न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सिफर्ट और भारत के युवा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के बीच देखने को मिल सकती है. सीफर्ट अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और पावरप्ले में तेजी से रन बनाने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं. वहीं अर्शदीप सिंह अपनी सटीक लाइन-लेंथ, डेथ ओवरों की गेंदबाजी और दबाव में यॉर्कर डालने की क्षमता के लिए मशहूर हैं.टी20 इंटरनेशनल में अर्शदीप ने सिफर्ट को अब तक 17 गेंदें डाली हैं, जिन पर सिफर्ट ने 37 रन बनाए हैं और दो बार आउट हुए हैं. खास बात यह है कि सिफर्ट ने अर्शदीप के खिलाफ 217.64 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं. ऐसे में भारतीय तेज गेंदबाज को इस मुकाबले में बेहतर रणनीति के साथ उतरना होगा.
कप्तान बनाम कप्तान
मिडिल ओवर्स में भारत के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव और न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सैंटनर के बीच मुकाबला बेहद दिलचस्प रहने वाला है. सूर्यकुमार यादव अपनी अनोखी बल्लेबाजी शैली, शानदार टाइमिंग और मुश्किल परिस्थितियों में तेजी से रन बनाने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं. उनके अनोखे शॉट्स गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन जाते हैं. वहीं सैंटनर टी20 क्रिकेट में अपनी किफायती गेंदबाजी और मिडिल ओवर्स में विकेट लेने की क्षमता के लिए प्रसिद्ध हैं. उनकी गति, फ्लाइट और लाइन में विविधता आक्रामक बल्लेबाजों के लिए मुश्किल खड़ी कर सकती है. टी20 इंटरनेशनल में दोनों के बीच अब तक 10 बार आमना-सामना हुआ है. सैंटनर ने सूर्यकुमार को तीन बार आउट किया है. इन 73 गेंदों में सूर्यकुमार ने 89 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 121.9 रहा है. इसलिए यह मुकाबला भारत की मिडिल ऑर्डर की गति तय कर सकता है.
संजू सैमसन बनाम मैट हेनरी
एक और अहम मुकाबला भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन और न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी के बीच देखने को मिल सकता है.संजू सैमसन इस समय शानदार फॉर्म में हैं और दबाव में भी बड़े शॉट खेलने की क्षमता रखते हैं. वहीं मैट हेनरी अपनी सटीक गेंदबाजी, स्विंग और सीम मूवमेंट के लिए जाने जाते हैं.आंकड़ों के अनुसार सैमसन को हार्ड लेंथ की गेंदों के खिलाफ परेशानी हुई है. टी20 इंटरनेशनल में हेनरी ने तीन बार आमना-सामना होने पर उन्हें दो बार आउट किया है. इन मुकाबलों में सैमसन सिर्फ 10 गेंदों में 15 रन ही बना पाए हैं. ऐसे में यह मुकाबला फाइनल में भारत की पारी के अंत में रन गति और मैच के नतीजे पर बड़ा असर डाल सकता है.
कुल मिलाकर देखा जाए तो भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला यह फाइनल सिर्फ दो टीमों के बीच मुकाबला नहीं होगा, बल्कि कई रोमांचक व्यक्तिगत टक्करों का भी गवाह बनेगा. जो टीम इन अहम मुकाबलों में बढ़त हासिल करेगी, उसके लिए ट्रॉफी जीतने की राह आसान हो सकती है.