बैतूल के फागुन मेले में युवक की चाकू मारकर हत्या: DJ पर नाचने के पुराने विवाद में वारदात; 3 आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद – Betul News

बैतूल के फागुन मेले में युवक की चाकू मारकर हत्या:  DJ पर नाचने के पुराने विवाद में वारदात; 3 आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद – Betul News




बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र में आयोजित फागुन मेले के दौरान पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या का प्रकरण दर्ज कर मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। घटना 5 मार्च की शाम ग्राम हिरादेही में लगे फागुन मेले की है। पुलिस के मुताबिक, ग्राम बैरमढाना निवासी चश्मदीद राम प्रसाद ने रिश्तेदार के घर के बाहर विवाद देखा। वहां सातकुंड निवासी आरोपी मोहित बाडिया अपने साथियों के साथ मिलकर गोविंद और विशाल से गाली-गलौज व मारपीट कर रहा था। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने धारदार चाकू निकालकर हमला कर दिया। गोविंद की कमर में और विशाल की जांघ व कंधे पर चाकू के गंभीर वार किए गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने गोविंद को मृत घोषित कर दिया, जबकि विशाल का इलाज जारी है। दो हफ्ते पहले शादी में DJ पर नाचने को लेकर हुई थी रंजिश
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड की असली वजह एक पुराना विवाद था। करीब दो सप्ताह पहले एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर गोविंद, विशाल और आरोपी मोहित के बीच कहासुनी हुई थी। इसी बात की रंजिश पाले बैठे आरोपियों ने मेले में दोनों को अकेला पाकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।



Source link