Last Updated:
T20 World Cup Final Tie Rules: भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद में टी20 वर्ल्ड कप फाइनल अगर टाई होता है, तो रोमांच सुपर ओवर तक जाएगा. आईसीसी के नए नियमों के मुताबिक, नतीजा आने तक एक के बाद एक कई सुपर ओवर खेले जा सकते हैं. जानिए भारत-कीवी भिड़ंत में टाई मैचों का इतिहास और वो नियम जो तय करेंगे कि कौन बनेगा असली वर्ल्ड चैंपियन.
भारत और न्यूजीलैंड फाइनल अगर टाई हुआ तो फिर चैंपियन का फैसला सुपर ओवर से होगा.
नई दिल्ली. भारत और न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप फाइनल अगर बराबरी पर छूटा, तो अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को रोमांच की सारी हदें पार हो जाएंगी. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के नियमों के मुताबिक खिताबी मुकाबले में हार-जीत का फैसला होने तक जंग जारी रहेगी. अग मैच टाई होता है, तो विजेता का फैसला सुपर ओवर से किया जाएगा. भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 क्रिकेट का इतिहास बेहद रोमांचक रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 30 मुकाबलों में से 3 मैच टाई रहे हैं. इन तीनों मौकों पर सुपर ओवर का सहारा लिया गया, जिसमें टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा है. भारत ने दो बार सुपर ओवर में कीवियों को धूल चटाई है, जबकि एक मैच बारिश के कारण बराबरी पर ही समाप्त घोषित करना पड़ा था.
आईसीसी के मौजूदा नियमों के अनुसार, अगर पहला सुपर ओवर भी टाई हो जाता है, तो दूसरा सुपर ओवर खेला जाएगा. यह सिलसिला तब तक चलेगा जब तक कि कोई एक टीम स्पष्ट रूप से विजयी नहीं हो जाती. इसी टूर्नामेंट में हम इसका ट्रेलर देख चुके हैं, जब 11 फरवरी को अहमदाबाद में ही दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान का मैच टाई हुआ था और पहले सुपर ओवर के भी बराबरी पर छूटने के बाद दूसरे सुपर ओवर में नतीजा निकला था.
भारत और न्यूजीलैंड फाइनल अगर टाई हुआ तो फिर चैंपियन का फैसला सुपर ओवर से होगा.
भारत- न्यूजीलैंड मैच से जुड़े 5 बड़े फैक्ट्स
इतिहास रचने की दहलीज पर भारत: टीम इंडिया के पास लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बनने का मौका है. अब तक कोई भी टीम अपना खिताब डिफेंड नहीं कर पाई है.
संजू सैमसन का रिकॉर्ड: संजू सैमसन को एमएस धोनी के बाद भारत के लिए 1000 टी20 रन बनाने वाला दूसरा विकेटकीपर बनने के लिए मात्र 1 रन की जरूरत है.
मेजबान का श्राप: टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक कोई भी मेजबान देश अपनी धरती पर ट्रॉफी नहीं जीत सका है. भारत के पास इस ‘मिथक’ को तोड़ने का सुनहरा अवसर है.
अहमदाबाद और आईसीसी फाइनल: 2023 वनडे वर्ल्ड कप की हार के बाद, इसी मैदान पर भारत के पास न्यूजीलैंड को हराकर पुराने जख्मों को भरने का मौका है.
टाई का रोमांच: भारत-न्यूजीलैंड के बीच अब तक 3 मैच टाई रहे हैं. फाइनल में नतीजा निकलने तक ‘अनलिमिटेड’ सुपर ओवर का नियम लागू रहेगा.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें