Last Updated:
sri Lanka new head coach gary kirsten: साउथ अफ्रीका के पूर्व ओपनर और भारत को बतौर कोच 2011 वर्ल्ड कप जिताने वाले गैरी कर्स्टन को श्रीलंका का नया हेड कोच नियुक्त किया गया है. वह दो साल के कॉन्ट्रैक्ट पर टीम के लिए इस पद को संभालेंगे. वह सनथ जयसूर्या की जगह लेंगे, जिन्होंने 2026 टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 राउंड से श्रीलंकाई टीम के बाहर होने के बाद पद छोड़ दिया था.
गैरी कर्स्टन बने श्रीलंका क्रिकेट टीम के हेड कोच.
कोलंबो. श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने पूर्व वर्ल्ड कप विजेता कोच गैरी कर्स्टन को दो साल के कॉन्ट्रैक्ट पर पुरष टीम का हेड कोच नियुक्त किया है. कर्स्टन सनथ जयसूर्या की जगह लेंगे, जिन्होंने घरेलू मैदान पर श्रीलंका के कमजोर टी20 वर्ल्ड कप प्रदर्शन और सुपर-8 राउंड से ही टीम के बाहर होने के बाद पद छोड़ दिया था. 58 वर्षीय पूर्व साउथ अफ्रीका ओपनर 15 अप्रैल 2025 से पुरुष टीम के सभी फॉर्मेट्स की जिम्मेदारी संभालेंगे. उनका मुख्य लक्ष्य श्रीलंका को 2027 के वनडे वर्ल्ड कप में मजबूत प्रदर्शन करने में मदद करना होगा.
साउथ अफ्रीका के पूर्व ओपनर कर्स्टन ने खिलाड़ी के तौर पर शानदार करियर के बाद कोच के रूप में भी अपनी पहचान बनाई है. वह 14 अप्रैल 2028 तक इस पद पर रहेंगे और खासतौर पर 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए श्रीलंका की तैयारियों की देखरेख करेंगे, जो साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होगा. श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने एक प्रेस रिलीज में इस नियुक्ति की पुष्टि की और कहा कि यह कदम हाई परफॉर्मेंस सेंटर की संरचना को नया रूप देने और बड़े टूर्नामेंट्स से पहले टीम को मजबूत करने के लिए उठाया गया है.
गैरी कर्स्टन को बड़ी जिम्मेदारी.
कर्स्टन इंटरनेशनल कोचिंग का अच्छा अनुभव लेकर आए हैं, क्योंकि उन्होंने 2008 से 2011 तक भारत को कोचिंग दी थी और 2011 में वर्ल्ड कप जिताया था. भारत के साथ सफल कार्यकाल के बाद कर्स्टन ने 2011 से 2013 तक साउथ अफ्रीका के कोच के रूप में भी काम किया, उस दौरान टीम तीनों फॉर्मेट में नंबर वन बनी थी. कर्स्टन हाल ही में क्रिकेट नामीबिया से जुड़े थे और टी20 वर्ल्ड कप के दौरान सलाहकार रहे थे.
श्रीलंका क्रिकेट ने कहा कि कर्स्टन की मुख्य जिम्मेदारी 2027 आईसीसी वर्ल्ड कप के लिए श्रीलंका टीम की तैयारी और गाइड करना होगा. कर्स्टन 1993 से 2004 तक अपने खेल करियर में साउथ अफ्रीका के सबसे सफल बल्लेबाजों में रहे हैं. उन्होंने टेस्ट और वनडे में कुल 14,087 रन बनाए हैं. उनके नाम टेस्ट में 21 और वनडे में 13 शतक हैं.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें