जमीन विवाद पर परिवार के दो पक्षों में संघर्ष: तलवार-लाठी से हमला, युवक गंभीर घायल; पुलिस जांच में जुटी – Mandsaur News

जमीन विवाद पर परिवार के दो पक्षों में संघर्ष:  तलवार-लाठी से हमला, युवक गंभीर घायल; पुलिस जांच में जुटी – Mandsaur News




मंदसौर जिले के अफजलपुर थाना क्षेत्र में जमीन को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष ने तलवार और लाठी-डंडों से दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया, जिसमें ध्रुव नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के मुताबिक बुधवार को जमीन को लेकर पहले से चल रहे विवाद के चलते एक ही परिवार के दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष के भेरूलाल चौहान, तुषार चौहान, ज्योति चौहान, वर्षा चौहान और नरगिस चौहान ने दूसरे पक्ष के लोगों पर लाठी-डंडों और तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में ध्रुव चौहान को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि रोहन चौहान, महक चौहान और अन्नु चौहान को भी मारपीट कर मामूली रूप से घायल कर दिया गया। घायल ध्रुव चौहान ने बताया कि डिगाव माली में पेट्रोल पंप के सामने उनका मकान निर्माणाधीन है। वे अपने परिवार के साथ निर्माण कार्य देखने पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां आ गए और अचानक लाठी-डंडों और तलवार से हमला कर दिया। ध्रुव चौहान के अनुसार हमले के दौरान तलवार उनके हाथ में लग गई, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। घटना के बाद घायल पक्ष ने अफजलपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा हो सकती है। फिलहाल मामले में अफजलपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link