25 वाहन चालकों पर 50 हजार रुपए का जुर्माना: विदिशा में ज्यादातर गाड़ियों पर बीमा ही नहीं मिले; मोबाइल कोर्ट में कार्रवाई – Vidisha News

25 वाहन चालकों पर 50 हजार रुपए का जुर्माना:  विदिशा में ज्यादातर गाड़ियों पर बीमा ही नहीं मिले; मोबाइल कोर्ट में कार्रवाई – Vidisha News




विदिशा में सड़क सुरक्षा और विधिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला न्यायालय के निर्देश पर गांधी चौक-नीमताल क्षेत्र में एक मोबाइल कोर्ट लगाया गया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रमाकांत भारके की उपस्थिति में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, बीमा, फिटनेस और परमिट सहित अन्य दस्तावेजों की पड़ताल की गई। दस्तावेजों में कमी पाए जाने पर लगभग 25 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 50 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। अचानक लगी इस मोबाइल कोर्ट की कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कई वाहन चालक चेकिंग देखकर रास्ता बदलते नजर आए, वहीं कुछ लोग हाथ जोड़कर माफी मांगते भी दिखे। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रमाकांत भारके ने बताया कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश जाकिर हुसैन के मार्गदर्शन में यह अभियान पूरे जिले में चलाया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2025 में जिले में कुल 1246 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 221 लोगों की मौत हुई और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए। भारके ने आगे कहा कि अधिकांश दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन चालक हेलमेट नहीं पहनते और चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करते। इसके अतिरिक्त, कई वाहन बिना बीमा और आवश्यक दस्तावेजों के चलते हैं, जिससे दुर्घटना की स्थिति में पीड़ितों को बीमा क्लेम नहीं मिल पाता। मोबाइल कोर्ट के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और वाहन के सभी दस्तावेज पूर्ण रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है।



Source link