मंदसौर विधायक विपिन जैन ने दलौदा चौपाटी क्षेत्र में बन रहे नवनिर्मित पुलिस थाना भवन का नाम वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के नाम पर रखने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने गुरुवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि नए पुलिस थाने का नाम “महाराणा प्रताप थाना, दलौदा चौपाटी” रखा जाए। विधायक विपिन जैन ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि दलौदा चौपाटी क्षेत्र में शासन द्वारा नए पुलिस थाना भवन का निर्माण कराया जा रहा है। यह भवन हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित महाराणा प्रताप नगर के समीप बन रहा है। ऐसे में क्षेत्र के नागरिकों और कॉलोनीवासियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस पुलिस थाने का नाम वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के नाम पर रखा जाना उचित होगा। महाराणा प्रताप शौर्य और स्वाभिमान के प्रतीक
विधायक ने कहा कि महाराणा प्रताप पूरे राष्ट्र के गौरव, स्वाभिमान और अदम्य साहस के प्रतीक हैं। उनके शौर्य, पराक्रम और बलिदान की गाथाएँ आज भी समाज को प्रेरित करती हैं। यदि इस नवनिर्मित पुलिस थाने का नाम उनके नाम पर रखा जाता है तो क्षेत्रवासियों में गर्व और सम्मान की भावना और अधिक मजबूत होगी। पुलिस अधीक्षक को भी लिखा पत्र
इस संबंध में विधायक विपिन जैन ने एसपी विनोद कुमार मीना को भी पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है, ताकि जनभावनाओं के अनुरूप थाने का नामकरण महाराणा प्रताप थाना, दलौदा चौपाटी किया जा सके। गुरुवार को विधायक विपिन जैन से मिलने ग्रामीण पहुंचे थे और उन्होंने दलौदा थाने का नाम महाराणा प्रताप रखने की मांग की थी ऐसे में विधायक ने गुरुवार शाम मुख्यमंत्री और एसपी को पत्र लिखा। विधायक ने उम्मीद जताई है कि शासन इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए क्षेत्रवासियों की भावनाओं का सम्मान करेगा और नए पुलिस थाना भवन को महाराणा प्रताप के नाम से समर्पित किया जाएगा।
Source link