Last Updated:
Balaghat Gas Shortage: बालाघाट में भी गैस एजेंसी में घरेलू गैस खरीदने वाले दिनभर परेशान होते दिखे. बालाघाट की अरिहंत गैस एजेंसी से लगभग 200 लोग खाली हाथ घर लौटे. वहीं कुछ लोग जुगाड़ लगाते दिखे.
Balaghat News: मध्य प्रदेश में बीते दो दिन से कमर्शियल गैस की सप्लाई ठप है. पहले तो बड़े शहरों में इसकी आहट थी, लेकिन अब इस समस्या की आंच छोटे शहरों तक पहुंच गई है. दरअसल, बालाघाट में भी गैस एजेंसी में घरेलू गैस खरीदने वाले दिनभर परेशान होते दिखे. बालाघाट की अरिहंत गैस एजेंसी से लगभग 200 लोग खाली हाथ घर लौटे. वहीं कुछ लोग जुगाड़ लगाते दिखे. लोकल 18 ने गैस एजेंसी से खाली हाथ लौट रहे लोगों से बातचीत की, तो उन्होंने जो कहा जानिए…
महीने भर नहीं चलता सिलेंडर
बालाघाट के सोहन सिंह हनवत ने कहा, घरेलू सिलेंडर के लिए आए थे. लेकिन गैस नहीं मिली. ऐसे में कई उपभोक्ता खाली हाथ लौटे. एजेंसी ने उन्हें एक महीना पूरा नहीं होने की बात की है. हमारे यहां परिवार में सात लोग रहते हैं. ऐसे में दिन भर नाश्ता, लंच और डिनर बनता है. सिलेंडर खत्म हो जाता है. लेकिन, अब नियम का हवाला दिया जा रहा है. ये भी बताया जा रहा कि आठ दिन बाद सिलेंडर नहीं देने की बात कही गई है. ऐसे में अब चिंता हो रही है कि खाना कैसे बनाया जाए.
ऑनलाइन बुकिंग की, लेकिन अब तक डिलिवरी नहीं
आशा सोनेकर का कहना है कि गैस सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग और भुगतान किया है. अब तक सिलेंडर नहीं आया है. ऐसे में जिस तरह सोशल मीडिया और टीवी पर खबरें आ रही हैं, वैसे-वैसे टेंशन बढ़ रही है. अब इंडक्शन चूल्हा खरीदने के बारे में सोच रहे हैं.
सैकड़ों लोग खाली हाथ लौटे
एचपी गैस एजेंसी के सामने भी सैंकड़ों लोग आज खाली हाथ लौटे हैं. एक कर्मचारी ने बताया कि वहां पर 200 से ज्यादा लोग खाली हाथ लौटे हैं. आज सप्लाई नहीं हो सकी, लेकिन कल घरेलू गैस का ट्रांसपोर्ट होगा और आज जो थोड़ी बहुत समस्या होगी, वह भी खत्म हो जाएगी. वहीं, डिलीवरी कर्मचारी ने कहा, हमारी गाड़ी डिलीवरी करने हर मोहल्ले में घूम रही है. किल्लत जैसे हालात नहीं हैं.
इसलिए बने ऐसे हालात
ईरान-अमेरिका युद्ध की वजह से इस तरह के हालात बन रहे हैं. दरअसल, अब मध्य प्रदेश में दो दिन से कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई बंद है. वहीं, दूसरी तरफ 7 मार्च को भारत में सिलेंडर के दामों में इजाफा हुआ था. ऐसे में लोगों को महसूस होने लगा कि सिलेंडर की किल्लत होने वाली है. लोग भी गैस एजेंसियों की तरफ जाने लगे.
प्रशासन की ओर से सर्कुलर
जिला आपूर्ति अधिकारी आरके ठाकुर ने सर्कुलर जारी करवाया है. इसमें बताया गया कि अब हॉस्पिटल और शैक्षणिक संस्थानों को छोड़ सभी वाणिज्यिक संस्थानों, जैसे होटल, मॉल और औद्योगिक इकाइयों को बल्क तथा पैक्ड कमर्शियल गैस की आपूर्ति नहीं की जाएगी. प्रशासन ने ऐसे संस्थानों को खुद अपनी व्यवस्था बनाने के लिए कहा है. घरेलू उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा और गैस का समान वितरण सुनिश्चित करने के लिए अब एलपीजी रिफिल की बुकिंग पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही स्वीकार की जाएगी.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
