दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन दलित युवक तरुण खटीक की हत्या को लेकर नीमच में गुस्सा देखा गया। घटना के विरोध में शुक्रवार को खटीक समाज और सर्व हिंदू समाज ने नीमच सिटी के राठौर पार्क से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली। प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लिए हत्यारों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शहर के प्रमुख रास्तों से गुजरे। इस दौरान लोगों का गुस्सा साफ नजर आ रहा था। रैली का समापन जिला कलेक्टर कार्यालय पर हुआ, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। फांसी की सजा और फास्ट ट्रैक कोर्ट की मांग कलेक्टर कार्यालय में सौंपे गए ज्ञापन में समाजजनों ने कहा कि तरुण की हत्या ने पूरी मानवता को शर्मसार कर दिया है। इस घटना से दलित समाज में गहरा दुख और भय है। ज्ञापन के जरिए प्रशासन से ये मांगें की गई हैं- हत्याकांड के सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी हो। मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए। दोषियों को फांसी की सजा दी जाए ताकि भविष्य में ऐसी वारदात न हो। आंदोलन तेज करने की चेतावनी समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि होली जैसे पवित्र त्योहार पर इस तरह का जघन्य अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर जल्द और सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे अपने आंदोलन को और उग्र करने के लिए मजबूर होंगे।
Source link