मंदसौर जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोयाबड़ी के बोरो की आड़ में ट्रक से ले जाई जा रही करीब 50 लाख रुपए कीमत की 350 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब से भरा ट्रक भी कब्जे में लिया है। ट्रक सहित कुल जब्त मशरूका की कीमत करीब 60 लाख रुपए आंकी गई है। जानकारी के अनुसार रुपनी–कचनारा रोड स्थित पुलिया के पास ग्राम फतेहगढ़ क्षेत्र में एक ट्रक संदिग्ध हालत में खड़ा मिला। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसमें सोयाबड़ी के बोरो के नीचे बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपाकर रखी हुई थीं। गिनती करने पर ट्रक से कुल 350 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई। मामले में पुलिस ने ट्रक क्रमांक GJ 16 AC 7576 सहित पूरी शराब जब्त कर ली है। जब्त शराब की कीमत करीब 50 लाख रुपए और ट्रक की कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है। आबकारी एक्ट में दर्ज किया केस
एडिशनल एसपी टी.एस. बघेल ने बताया कि मामले में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। साथ ही यह जांच की जा रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस के अनुसार शुक्रवार को थाना नाहरगढ़ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वरुण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रुपनी–कचनारा रोड स्थित पुलिया के पास ग्राम फतेहगढ़ क्षेत्र में दबिश दी। नशा तस्करों के खिलाफ अभियान जारी
थाना प्रभारी वरुण तिवारी ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार चल रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थ और शराब तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link