सतना में एक किराना दुकानदार पिता-पुत्र से रंगदारी मांगने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, यह घटना 6 मार्च को हुई थी। बरदाडीह चौक-मुख्त्यारगंज निवासी अशोक कुमार शिवहरे और उनके बेटे अभिषेक कुमार शिवहरे अपनी किराना दुकान पर काम कर रहे थे। तभी शशांक शुक्ला (25), ऋषभदेव सिंह (24), संजय सिंह (27) और निखिल शर्मा (27) दुकान पर पहुंचे। उन्होंने पिता-पुत्र पर हिसाब-किताब में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए अभद्रता की और जबरन पैसों की मांग करने लगे। अशोक कुमार के मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और उनके साथ मारपीट भी की। इस घटना की शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपियों की तलाश शुरू की। गुरुवार को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। टीआई रावेन्द्र द्विवेदी ने इस कार्रवाई की जानकारी दी।
Source link