सिलेंडर के लिए हाहाकार! सीधी में लगीं लंबी कतार, कलेक्ट्रेट तक पहुंचा विरोध

सिलेंडर के लिए हाहाकार! सीधी में लगीं लंबी कतार, कलेक्ट्रेट तक पहुंचा विरोध


Last Updated:

Sidhi News: सीधी के वार्ड नंबर 4 निवासी अंजनी गुप्ता ने लोकल 18 से कहा कि वह पिछले 3-4 दिनों से लगातार गैस एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है. एजेंसी वाले हर बार सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं.

सीधी. मध्य-पूर्व में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत के आम लोगों की जिंदगी पर भी दिखाई देने लगा है. मध्य प्रदेश के सीधी शहर में एलपीजी गैस सिलेंडर की भारी किल्लत से लोग परेशान हो गए हैं. शुक्रवार को शहर की कई गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गईं. लोग घंटों तक सिलेंडर मिलने का इंतजार करते रहे लेकिन अधिकांश लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा. इससे नाराज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और बड़ी संख्या में उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर कलेक्टर बंगले पहुंच गए और घेराव कर विरोध प्रदर्शन करने लगे. प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तत्काल रसोई गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की. प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से शहर में गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है, जिससे घरों में खाना बनाना मुश्किल हो गया है. खासतौर पर महिलाओं और बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

पिछले करीब एक सप्ताह से सीधी शहर में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है. कई पेट्रोल पंपों पर भी ईंधन की कमी की शिकायतें सामने आई हैं. हालांकि प्रशासन लगातार यह दावा कर रहा है कि जिले में किसी भी प्रकार के पेट्रोलियम पदार्थ की कमी नहीं है. इसी बीच गुरुवार को कलेक्टर और अपर कलेक्टर बीपी पांडे ने एक एडवाइजरी जारी कर लोगों से अपील की थी कि जिले में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ता सामान्य तरीके से ईंधन प्राप्त कर सकते हैं. इसके बावजूद शुक्रवार को गैस एजेंसियों के बाहर भारी भीड़ देखने को मिली.

सिर्फ आश्वासन दे रही गैस एजेंसी
प्रदर्शन में शामिल सीधी शहर के वार्ड क्रमांक 4 के निवासी अंजनी गुप्ता ने लोकल 18 से कहा कि वह पिछले तीन से चार दिनों से लगातार गैस एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है. एजेंसी में हर बार सिर्फ आश्वासन दिया जाता है. उन्होंने कहा कि मजबूरी में हम लोग कलेक्टर बंगले आए हैं. हमारे साथ करीब 70 से 80 लोग खाली सिलेंडर लेकर यहां पहुंचे हैं ताकि प्रशासन हमारी समस्या सुने और समाधान निकाले.

यहां आने से समस्या का समाधान नहीं होगा: एसडीएम
वहीं इस मामले में गोपद बनास के एसडीएम राकेश शुक्ला ने कहा कि सीधी जिले में किसी भी प्रकार के ईंधन की कमी नहीं है. लोगों को अपनी समस्या के समाधान के लिए गैस एजेंसी जाना चाहिए. राकेश शुक्ला ने कहा कि यहां आने से समस्या का समाधान नहीं होगा, इसलिए सभी लोग गैस एजेंसी जाकर अपनी समस्या का निराकरण कराएं.

बिना नंबर लगाए पहुंच रहे एजेंसी
एजेंसी के बाहर सिलेंडर लेकर खड़ी महिला अंजना सोंधिया ने कहा कि उनका सिलेंडर खत्म हो गया है. वह सुबह 8 बजे से लाइन में खड़ी हैं लेकिन न मोबाइल से नंबर लग रहा है और न ही कोई सुनवाई हो रही है. शहर में संचालित प्रताप गैस एजेंसी के कर्मचारी रवि सिंह ने कहा कि कई उपभोक्ता बिना नंबर लगाए ही सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पहुंच जाते हैं, जिससे यहां भीड़ की स्थिति बन जाती है. जिन उपभोक्ताओं का नंबर पहले से बुक रहता है, उन्हें नियमानुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है. एजेंसी में व्यवस्था के अनुसार ही वितरण किया जा रहा है.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link