हाइवे पर बुजुर्ग महिला को बस ने कुचला, मौत: भिंड से इंदौर जा रही थी महिला, जिस बस में सवार थी उसी ने बैक करते में रौंदा – Gwalior News

हाइवे पर बुजुर्ग महिला को बस ने कुचला, मौत:  भिंड से इंदौर जा रही थी महिला, जिस बस में सवार थी उसी ने बैक करते में रौंदा – Gwalior News




आगरा-मुंबई नेशनल हाइवे पर एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बस ने बैक करते में कुचल दिया। जिस बस की चपेट में आकर महिला की मौत हुई है महिला उसी बस में अपने पति के साथ सवार थी। महिला आगरा की रहने वाली है, लेकिन वह भिंड से इंदौर जाने के लिए बस में सवार हुई थी। घटना ग्वालियर के मोहना में वैष्णवी ढाबा के सामने गुरुवार रात की है। महिला ने शुक्रवार सुबह 6:30 बजे दम तोड़ा है। बस यहां यात्रियों को रात का भोजन कराने के लिए रुकी थी। महिला और उसके पति ने भी भोजन किया। बस चलने वाली थी तो अनजान में बुजुर्ग महिला बस के पीछे ही बाथरूम करने बैठ गई। बैक करते में वह नजर नहीं आए और उसके पैरों से पहिया गुजर गया। उत्तर प्रदेश आगरा के जैथपुर निवासी 68 वर्षीय विनय कुमार जैन व्यवसायी हैं। वह आगरा से किसी कार्यक्रम में भिंड आए हुए थे। गुरुवार की शाम भिंड से इंदौर होते हुए अहमदाबाद जाने वाली वीडियो कोच बस नंबर MP09 AE-7101 में वह सवार हुए थे। साथ में विनय कुमार की पत्नी 65 वर्षीय सरला जैन भी साथ में थीं। उनको इंदौर किसी रिश्तेदार के यहां गमी में शामिल होना था। गुरुवार रात 11:30 बजे बस आगरा-मुंबई नेशनल हाइवे पर मोहना में वैष्णवी ढाबा पर पहुंची थी। यहां बस का डिनर स्टॉपेज रहता है। यहां यात्रियों ने भी उतरकर रात का खाना खाया। 30 मिनट बाद जब ड्राइवर बस को स्टार्ट कर चलने के लिए खड़ा था। उसी समय बस में सवार होने से पहले सरला जैन बस के पीछे बाथरूम करने बैठ गईं। बस की हाइड ज्यादा होने पर बस चालक को पता नहीं चला। उसने स्टार्ट गाड़ी में बैक गियर लगाया और गाड़ी को बैक करने लगा। इसी समय सरला देवी के पैर पर बस का पहिया गुजर गया। जब तक लोगों ने शोर मचाया और चालक ने बस रोकी, लेकिन तब तक महिला के पैरों से पहिया गुजर चुका था। घटना की सूचना मिलते ही मोहना थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया
घायल महिला को पुलिस ने तत्काल ग्वालियर जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। जहां रातभर इलाज चलने के बाद सुबह 6:30 बजे सरला देवी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
पुलिस का कहना है
इस मामले में मोहना थाना में पदस्थ सब इंस्पेक्टर देवेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि बुजुर्ग महिला बस के पीछे बैठी थी तभी बस चालक ने बैक गियर लगाकर बस चला दी। महिला घायल थी जिसकी सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



Source link