T20 World Cup में जीत के बाद दादी के घर पहुंचे ईशान किशन तो झूम उठे प्रशंसक

T20 World Cup में जीत के बाद दादी के घर पहुंचे ईशान किशन तो झूम उठे प्रशंसक


Last Updated:

Ishan Kishan Nawada Visit: बिहार के नवादा में उस समय उत्सव जैसा माहौल बन गया जब टी20 विश्व कप विजेता टीम के स्टार बल्लेबाज ईशान किशन गुरुवार को अपने पैतृक शहर पहुंचे. नवादा जेल रोड स्थित अपनी दादी डॉ. सावित्री शर्मा के घर पहुंचते ही परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. खबर फैलते ही बड़ी संख्या में प्रशंसक घर के बाहर जमा हो गए तो ईशान ने भी उन्हें निराश नहीं किया.

Zoom

ईशान किशन टी20 विश्व कप 2026 जीत के बाद नवादा पहुंचे, दादी डॉ. सावित्री शर्मा के घर प्रशंसकों की उमड़ी भीड़

नवादा. टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर और धुरंधर बल्लेबाज ईशान किशन ने टी20 विश्व कप 2026 जीतने के बाद गुरुवार को अपने पैतृक शहर नवादा पहुंचकर परिवार को खुशी से भर दिया. वे नवादा जेल रोड स्थित अपनी दादी के घर गए जहां डॉक्टर सावित्री शर्मा ने पोते का स्वागत किया. परिवार और मित्रों के साथ उन्होंने ईशान का अभिनंदन किया. ईशान किशन की इस यात्रा की खबर फैलते ही शहर में उत्साह छा गया और प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी. ईशान की एक झलक पाने के लिए प्रशंसक बेताब थे. खबर मिलते ही लोग धीरे धीरे दादी के घर के आसपास जमा होने लगे. ईशान किशन ने भी उन्हें निराश नहीं किया और घर की बालकनी से वे अपनी दादी और रिश्तेदारों के साथ खड़े हुए. हाथ हिलाकर सभी को धन्यवाद दिया तो प्रशंसक खुशी से झूम उठे.

पुलिस ने की कड़ी सुरक्षा

कई लोग ईशान किशन के साथ सेल्फी लेने के लिए बेचैन थे, इन सबके बीच ईशान ने सबके साथ प्यार से बात की. भीड़ इतनी ज्यादा थी कि पुलिस को खासी मेहनत करनी पड़ी. अधिकारियों ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी और ट्रैफिक को नियंत्रित रखा गया. पुलिस वाले पसीना बहाते हुए भीड़ संभालते रहे, और माहौल शांतिपूर्ण बना रहा. ईशान के प्रशंसक क्रिकेट की जीत का जश्न मनाते दिखे. प्रशंसक कहते हैं कि ईशान किशन ने बिहार का नाम रोशन किया. ईशान की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा है और वे मेहनत और लगन से आगे बढ़ रहे हैं.

परिवार से मिले, तीन घंटे रुके

ईशान लगभग तीन घंटे तक दादी के घर रुके और उन्होंने सगे संबंधियों से मिलकर पुरानी यादें ताजा कीं. घर का माहौल खुशी से भर गया. सब लोग विश्व कप की जीत पर बातें करते रहे. ईशान किशन ने परिवार को अपना योगदान बताया. उन्होंने कहा कि टीम की सफलता में उनका भी छोटा सा हिस्सा रहा. इसके बाद वे सीधे पटना के लिए रवाना हो गए. इस दौरान ईशान ने मीडिया से कोई बात नहीं की और वे सिर्फ परिवार और प्रशंसकों पर फोकस रहे. पटना जाते समय भी उन्होंने चुपचाप यात्रा की. वहां मौजूद लोग उनकी सादगी की तारीफ करते दिखे.

दादी डॉ. सावित्री शर्मा ने क्या कहा?

दादी डॉक्टर सावित्री शर्मा ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है कि विश्व कप जीतकर पोता घर आया. अब वह आईपीएल की तैयारी में जुट गया है. यह गर्व की बात है कि विश्व विजेता टीम में ईशान का योगदान रहा. जीत के बाद पूरे घर का माहौल बदल गया. बता दें कि डॉक्टर सावित्री शर्मा नवादा की पूर्व सिविल सर्जन और जानी मानी डॉक्टर हैं. उनका घर शहर का पहचाना ठिकाना है.

ईशान को अपना हीरो मानते हैं युवा

ईशान किशन बिहार के नवादा से हैं, उनका जन्म भी यहीं हुआ. उन्होंने विश्व कप में शानदार बल्लेबाजी की. नौ मैचों में 317 रन बनाए और स्ट्राइक रेट 193 के आसपास रहा. पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ महत्वपूर्ण पारियां खेलीं. फाइनल में भी उन्होंने योगदान दिया. टीम ने न्यूजीलैंड को हरा दिया और यह भारत की बड़ी जीत थी. नवादा के लोग ईशान को अपना हीरो मानते हैं. उनकी इस यात्रा ने पूरे शहर को गौरवान्वित किया.

About the Author

Vijay jha

पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…और पढ़ें



Source link