Last Updated:
भोपाल में आरडी मेमोरियल कॉलेज में रोजा इफ्तार पार्टी को लेकर कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने आ गई हैं. कॉलेज में हिंदू विद्यार्थियों को रोजा इफ्तारी कराने और शिक्षा संस्थान का इस्लामी करण के विरोध में बजरंग दल की तरफ से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और कॉलेज परिसर का शुद्धिकरण भी किया.
भोपाल में इफ्तार पार्टी पर बवाल
रिपोर्ट-आचार्य शिवकांत
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आरडी मेमोरियल कॉलेज में रोजा इफ्तार पार्टी हुई, जो अब विवाद का विषय बन गई है. इस पार्टी में मुस्लिम छात्राओं के साथ हिंदू लड़कियों को भी रोजा इफ्तार पार्टी में शामिल करवाया गया. बस इतना होते ही इसे लेकर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के नेता आमने-सामने आए. वहीं कई हिंदू संगठनों ने इसे लेकर विरोध भी दर्ज करवाया है.
बीजेपी विधायक ने कही ये बात
RD मेमोरियल कॉलेज में रोजा इफ्तार पार्टी के मामले पर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि शैक्षणिक संस्थाओं को विचार करना चाहिए कि किस चीज की अनुमति देनी है. किस चीज की अनुमति नहीं देनी है. यह पता किया जाना चाहिए कि इस कार्यक्रम की अनुमति थी या नहीं. अगर बिना अनुमति के कार्यक्रम किया गया है, तो इन पर FIR दर्ज करके कार्रवाई होनी चाहिए. हम चाहते हैं नमाज भी ठीक से हो, रोजा इफ्तारी भी ठीक से हो. लेकिन आप बदतमीजी करेंगे तो ध्यान रखिए कभी भी रोजे खुल सकते हैं.
कांग्रेस ने किया पलटवार
आरडी मेमोरियल कॉलेज में रोजा इफ्तार पार्टी को लेकर रामेश्वर शर्मा के बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता मिथुन अहिरवार ने पलटवार करते हुए कहा कि रामेश्वर शर्मा फिजूल की बातें करते हैं. यही कारण है कि उनकी पार्टी उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेती है. अगर उनकी सरकार को उनकी बातों को गंभीरता से लेती है, तो बताएं क्या इस पर जांच होगी? क्या इस पर क्या सजा होगी.
इस देश का एक कल्चर है. कोई भी समाज का व्यक्ति किसी भी समाज के कार्यक्रम में शामिल हो सकता है. अगर इस परंपरा को भारतीय जनता पार्टी बदलना चाहती है, तो एक ऐसा प्रावधान विधानसभा, लोकसभा में लेकर आए. नहीं तो उनकी पार्टी रामेश्वर शर्मा के बयान को लेकर क्या कार्रवाई करने जा रही है इसका जवाब दें?
क्या बोले संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष?
हिंदू उत्सव समिति व संस्कृति बचाओ मंच ने हिंदू छात्राओं को इफ्तारी में शामिल करने पर विरोध जताया है. संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि हिन्दू बेटियों को इफ्तारी खाने के लिए मजबूर कर उनका शिकार बनाया जा रहा है. रोजा इफ्तारी के कार्यक्रम में जबरदस्ती हमारी सनातनी बहनों को सम्मिलित कराया गया. सनातनी बहनों का रोजा नहीं, तो उनकी इफ्तार पार्टी क्यों? हमारे हिंदू बहन बेटियों को क्या आप लव जिहाद का शिकार बनाना चाहते हैं. भविष्य में इस प्रकार के कार्यों की पुनरावृत्ति ना हो.