मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा शनिवार को बैतूल पहुंचे। उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पुत्री सुरभि खंडेलवाल के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी कुछ ही देर में हेलीकॉप्टर से बैतूल पहुंचने वाले हैं, जहां वे शोकाकुल परिवार से मुलाकात करेंगे। उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा सड़क मार्ग से बैतूल पहुंचे। उन्होंने खंडेलवाल निवास पहुंचकर परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। देवड़ा ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। सुरभि खंडेलवाल के निधन के बाद से ही प्रदेशभर के वरिष्ठ नेताओं का बैतूल पहुंचने का सिलसिला जारी है। मुख्यमंत्री और मंत्री कृष्णा गौर भी पहुंचेंगी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बैतूल पहुंचकर खंडेलवाल परिवार से मुलाकात करेंगे। उनके साथ ही प्रदेश सरकार की मंत्री कृष्णा गौर भी शोक व्यक्त करने पहुंच रही हैं। सुरभि खंडेलवाल के निधन पर प्रदेश सरकार के अन्य मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता भी लगातार बैतूल पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। खंडेलवाल निवास पर उमड़े जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता हेमंत खंडेलवाल के निवास पर शोक व्यक्त करने के लिए नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का लगातार आना-जाना लगा हुआ है। पूरे प्रदेश से भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शोक संवेदना व्यक्त करने बैतूल पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा और हेलीपैड की व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।
Source link