भिंड जिले के मिहोना थाना प्रभारी और रिटायर्ड सूबेदार मेजर के बीच हुए विवाद का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। शनिवार को ग्वालियर से आर्मी के डिप्टी कमांडेंट कर्नल विशाल क्षेत्रीय मिहोना थाने पहुंचे और पुलिस जवानों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने भिंड एसपी असित यादव से मुलाकात कर सख्त कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार मिहोना थाने में पदस्थ टीआई विजय केन और रिटायर्ड सूबेदार मेजर राकेश सिंह कुशवाहा के बीच हुए विवाद की सूचना आर्मी अधिकारियों तक पहुंची थी। इसके बाद कर्नल विशाल क्षेत्रीय अपनी टीम के साथ मिहोना थाने पहुंचे। थाने में उन्होंने मौजूद पुलिस जवानों से घटना की जानकारी ली और कुछ जवानों के बयान भी दर्ज किए। इसके बाद वे टीआई विजय केन से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। कर्नल क्षेत्रीय के अनुसार जब वे टीआई के घर पहुंचे तो वह नशे की हालत में थे और ठीक से बातचीत करने की स्थिति में नहीं थे। एसपी से मिलने पहुंचे कर्नल, टीआई लाइन अटैच कर्नल क्षेत्रीय भिंड एसपी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने एसपी असित यादव से करीब 35 मिनट तक चर्चा की। इस दौरान रिटायर्ड सूबेदार मेजर राकेश सिंह कुशवाहा भी मौजूद रहे। कर्नल क्षेत्रीय ने एसपी से कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी अधिकारी का शराब के नशे में होना गंभीर अनुशासनहीनता है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस पर एसपी असित यादव ने बताया कि टीआई विजय केन को फिलहाल लाइन अटैच कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले भी उनके शराब पीने की शिकायतें मिलती रही हैं। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कर्नल क्षेत्रीय ने कहा कि आर्मी के एक पूर्व जवान के साथ हुए दुर्व्यवहार को गंभीरता से लिया गया है। मामले की रिपोर्ट आर्मी के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जाएगी और पुलिस की कार्रवाई पर नजर रखी जाएगी।
Source link