इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार रात उसका दोस्त उसे मंदिर जाने के लिए बुलाने घर पहुंचा, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। बाद में पत्नी और परिवार के लोगों ने झांककर देखा तो कमरे में युवक का शव फंदे पर लटका मिला। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। एमआईजी पुलिस के अनुसार 32 वर्षीय आकाश पुत्र नरेंद्र बागर ने अपने घर के कमरे में फांसी लगा ली। शनिवार रात उसका शव घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में मिला। परिजनों ने बताया कि आकाश ऊपर के कमरे में रहता था और वहीं सिलाई का काम करता था, जबकि उसकी पत्नी और दो साल की बेटी नीचे थे। घटनास्थल पर नहीं मिला सुसाइड नोट शनिवार रात आकाश का परिचित कार्तिक उसे मंदिर जाने के लिए लेने आया था। जब वह ऊपर कमरे तक पहुंचा तो आकाश ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद पत्नी को बुलाया गया, लेकिन तब भी दरवाजा नहीं खुला। अंदर झांककर देखने पर आकाश फंदे पर लटका दिखाई दिया। परिजनों ने बताया कि घर से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आकाश पर किसी तरह का कर्ज भी नहीं था और परिवार ने पारिवारिक विवाद की बात से भी इनकार किया है। परिवार में उसका एक छोटा भाई है, जो नौकरी करता है, जबकि पिता एवरफ्रेश की दुकान चलाते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link