कटनी जिले के कुठला थाना अंतर्गत कन्हवारा गांव में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अवैध खनन का विरोध करने पर तीन आदिवासी परिवारों पर हमला किया गया। रात करीब 2 बजे हुए इस हमले में एक गर्भवती महिला सहित कई लोग घायल हो गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार डेहरिया ने सोमवार को बताया कि पीड़ितों की शिकायत पर भाजयुमो ग्रामीण मंडल अध्यक्ष समेत नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। घरों में घुसकर महिलाओं से मारपीट पीड़ित सुखदेव कोल ने बताया कि आरोपी दीपक परिहार, अभिषेक पटेल और लखन साहू अपने 7-8 साथियों के साथ वाहनों से गांव पहुंचे। उन्होंने सुखदेव और गोरेलाल कोल के घरों में घुसकर पुरुषों और महिलाओं के साथ मारपीट की। इस दौरान एक गर्भवती महिला से धक्का-मुक्की और मारपीट की, जिससे उसकी स्थिति गंभीर हो गई। बंधक बनाकर उत्खनन स्थल पर ले गए पीड़ित गोरेलाल कोल ने आरोप लगाया कि हमलावर उसे जबरन वाहन में बिठाकर अवैध उत्खनन स्थल पर ले गए। वहां उसके साथ दोबारा मारपीट की गई और अवैध खनन की शिकायत वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दी गई। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने हाल ही में मुरुम और बॉक्साइट के अवैध खनन की शिकायत वन विभाग से की थी। भाजपा पदाधिकारी सहित कई पर मामला दर्ज पुलिस ने पीड़ितों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी दीपक परिहार, अभिषेक पटेल और भाजयूमो ग्रामीण मंडल अध्यक्ष लखन साहू व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम (SC-ST Act) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस टीमों की दबिश जारी एएसपी डॉ. संतोष कुमार डेहरिया ने बताया कि घटना के बाद से ही पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि अवैध खनन की शिकायत लीक होने के कारण माफियाओं ने इस हमले को अंजाम दिया। पुलिस अब इस पाइंट पर भी जांच कर रही है।
Source link