बीमार महिला से धोखे से 12 विश्वा जमीन की रजिस्ट्री: ढाई विश्वा बेचने का सौदा था, अशिक्षित होने का फायदा उठाया, 50 हजार देकर जमीन हड़पी – Shivpuri News

बीमार महिला से धोखे से 12 विश्वा जमीन की रजिस्ट्री:  ढाई विश्वा बेचने का सौदा था, अशिक्षित होने का फायदा उठाया, 50 हजार देकर जमीन हड़पी – Shivpuri News




शिवपुरी जिले में एक बीमार और अशिक्षित महिला से जमीन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ढाई विश्वा जमीन बेचने के नाम पर उससे करीब 12 विश्वा जमीन हड़प ली गई। पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। कोलारस क्षेत्र के ग्राम नेतवास निवासी 30 वर्षीय रेवती जाटव ने सोमवार को बताया कि वह अशिक्षित है और अंगूठा लगाती है। लंबे समय से बीमार होने के कारण उन्हें इलाज के लिए पैसों की आवश्यकता थी। इसी वजह से उन्होंने ग्राम चिटोरा स्थित अपनी कृषि भूमि सर्वे नंबर 438 में से लगभग 0.01428 हेक्टेयर (करीब ढाई विश्वा) जमीन 83 हजार रुपए में बेचने का सौदा किया था। महिला का आरोप है कि कामता प्रसाद जाटव ने रजिस्ट्री के समय उन्हें केवल 50 हजार रुपए दिए और शेष 33 हजार रुपए अगले दिन देने का वादा किया। इसके बाद 14 मार्च को जमीन की रजिस्ट्री करवा ली गई। रजिस्ट्री निकलवाने पर मामले का खुलासा
रेवती जाटव के अनुसार, रजिस्ट्री के दौरान कामता प्रसाद के साथ मौजूद एक महिला, मिस्सो रावत, को गवाह बताया गया था। बाद में उन्हें पता चला कि उसी महिला मिस्सो रावत के नाम पर उनकी दूसरी जमीन सर्वे नंबर 241 में से 0.0975 हेक्टेयर (लगभग 12 विश्वा) जमीन की भी रजिस्ट्री करवा ली गई है। पीड़िता ने बताया कि उन्हें इस दूसरी जमीन की रजिस्ट्री के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी। उनकी बीमारी और अशिक्षा का फायदा उठाकर कागजों पर उनके अंगूठे के निशान लगवा लिए गए। अगले दिन जब वह अपने पति के साथ बकाया पैसे लेने कोर्ट पहुंचीं, तो आरोपी कामता प्रसाद नहीं आया। इसके बाद रजिस्ट्री निकलवाने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। धोखाधड़ी पर कानूनी कार्रवाई की मांग
महिला ने आरोप लगाया है कि कामता प्रसाद जाटव, मिस्सो रावत, बबलेश रावत और धर्मेंद्र जाटव ने मिलकर षड्यंत्रपूर्वक धोखाधड़ी और ठगी की है। पीड़िता ने एसपी से मांग की कि सर्वे नंबर 438 की जमीन का बकाया 33 हजार रुपए दिलवाया जाए और सर्वे नंबर 241 की रजिस्ट्री निरस्त कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। कोतवाली थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ का कहना है कि आवेदन आया है, मामले की जांच की जा रही है।



Source link